उत्तराखंड पिता की हत्या का बदला लेने के लिए सैन्यकर्मी ने दो साथियों संग मिलकर महिला को उतारा मौत के घाट, तीनों गिरफ्तार,,,

रामनगर (नैनीताल)। नैनीताल पुलिस ने रामनगर क्षेत्र के ग्राम छोई स्थित किशनपुर में हुई 56 वर्षीय महिला विमला देवी की निर्मम हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी सैन्यकर्मी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बृहस्पतिवार को रामनगर कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि यह हत्याकांड वर्ष 2023 में हुई एक हत्या का बदला लेने की नीयत से अंजाम दिया गया था।
तीन साल पुरानी रंजिश में रची गई खूनी साजिश
एसएसपी ने बताया कि वर्ष 2023 में मृतका विमला देवी के दो बेटों ने मुख्य आरोपी किशनपुर निवासी मोहित फर्त्याल के पिता गोविंद फर्त्याल की हत्या कर दी थी। पिता की हत्या के बाद से ही मोहित के मन में बदले की आग सुलग रही थी और वह लगातार बदला लेने की फिराक में था। असम राजपूताना राइफल में तैनात सैन्यकर्मी मोहित ने इसी रंजिश के चलते खताड़ी निवासी अपने दो साथियों सैयद और मो. अबूजर के साथ मिलकर विमला देवी की हत्या की साजिश रची। सोमवार देर रात तीनों आरोपियों ने मिलकर विमला देवी की निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को उनके घर से लगभग 70 मीटर दूर ले जाकर फेंक दिया।
सीसीटीवी फुटेज से पकड़े गए आरोपी, सेना से बर्खास्तगी के लिए भेजा जाएगा पत्र

पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें हत्या की यह पूरी वारदात कैद हो गई थी। इसी पुख्ता सबूत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार भी बरामद की है। तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 332 सी/103(1)/352 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल चूंकि सेना में कार्यरत है, इसलिए हत्याकांड में उसकी संलिप्तता को देखते हुए उसकी सेना से सेवा समाप्त कराने के लिए संबंधित सैन्य अधिकारियों को आधिकारिक पत्र भेजने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस की पूर्व लापरवाही पर भी उठे गंभीर सवाल
इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे के साथ ही स्थानीय पुलिस की पूर्व कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2023 में पिता की हत्या के बाद से ही आरोपी मोहित जब भी छुट्टी पर घर आता था, तो वह विमला देवी के घर पहुंचकर हंगामा और गाली-गलौज करता था। इस संभावित खतरे को भांपते हुए किशनपुर छोई के क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) भूपेंद्र कुमार ने पूर्व में पुलिस को लिखित पत्र भेजकर क्षेत्र में बढ़ते अपराध और इस विवाद पर समय रहते कार्रवाई करने की मांग की थी। आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस की ओर से अपराध को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस निरोधात्मक कदम नहीं उठाए गए और पुलिस की इसी लापरवाही के चलते एक सामान्य विवाद ने खूनी हत्याकांड का रूप ले लिया।
