उत्तराखंड जेनी प्रकरण में पुलिस की जांच तेज, पुराने मुकदमों का रिकॉर्ड खंगालने के लिए सीबीआई को लिखा पत्र,,,

देहरादून/ऋषिकेश: प्रदेश के चर्चित जेनी प्रकरण में पुलिस प्रशासन ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। मामले की वास्तविकता और तह तक पहुंचने के लिए पुलिस अब पूर्व में दर्ज हुए मुकदमों से जुड़े दस्तावेजों और कानूनी रिकॉर्ड को भी खंगालने में जुट गई है। इसी क्रम में जांच अधिकारी ने सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) दिल्ली को एक आधिकारिक पत्र भेजकर पूर्व में दर्ज मुकदमों तथा उनसे संबंधित समस्त अभिलेख उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
डीजीपी के निर्देश पर सीओ डोईवाला को सौंपी गई है जांच

बता दें कि कुछ दिन पूर्व शिकायतकर्ता जेनी की ओर से पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को एक शिकायती पत्र सौंपकर पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई थी। डीजीपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत पत्र को आवश्यक कार्रवाई के लिए एसएसपी देहरादून के पास भेजा था। इसके बाद एसएसपी देहरादून ने डोईवाला की क्षेत्राधिकारी (सीओ) वंदना वर्मा को इस मामले का जांच अधिकारी नियुक्त किया। जांच अधिकारी वंदना वर्मा ने बताया कि फिलहाल शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों और उनसे जुड़े तथ्यों की गहन पड़ताल की जा रही है। चूंकि मामला काफी पुराना है, इसलिए पूर्व में हुई कानूनी कार्रवाई से संबंधित रिकॉर्ड जुटाए जा रहे हैं और सीबीआई से दस्तावेज प्राप्त होने के बाद उनका भी सूक्ष्म अध्ययन किया जाएगा। सीओ ने स्पष्ट किया कि जल्द ही शिकायतकर्ता के बयान दर्ज कर विस्तृत जानकारी ली जाएगी और जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी, जिसमें दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर प्रदान किया जाएगा।
जेनी का वीडियो बयान: सीबीआई जांच और डीएनए टेस्ट से सामने आएगा सच

दूसरी ओर, इस पूरे घटनाक्रम के बीच असम निवासी इंदिरा देबड़ी उर्फ जेनी ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। वीडियो में जेनी ने दावा किया कि सीबीआई जांच और डीएनए टेस्ट कराए जाने से इस मामले का सारा सच सबके सामने आ जाएगा। उन्होंने हरक सिंह रावत के पूर्व करीबी रहे योगेंद्र चौहान को सीधे तौर पर संबोधित करते हुए चेतावनी दी कि यदि उन्होंने दोबारा इस मामले में बयानबाजी की तो वह उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी।
जेनी ने अपने वीडियो में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि योगेंद्र चौहान पहले हरक सिंह रावत के साथ 10-12 लोगों के समूह में आए थे और प्यार से बात करके उनके मुंह से सारी बातें निकलवाई थीं। उन्होंने हरक सिंह रावत पर दुष्कर्म करने और उन्हें पागलखाने में रखवाने जैसे गंभीर आरोप दोहराए। साथ ही जेनी ने योगेंद्र चौहान पर झूठी बातें फैलाने और हरक के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए उन्हें हरक का गुंडा और दलाल करार दिया। जेनी ने यह भी खुलासा किया कि वर्ष 2016 में इस संबंध में दर्ज कराई गई एफआईआर को भी दबाव बनाकर वापस करवा लिया गया था। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनके बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र में पिता का नाम आज भी खाली है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह किसी भी जांच से पीछे नहीं हटेंगी क्योंकि डीएनए टेस्ट और सीबीआई जांच से सच्चाई उजागर होकर रहेगी।
