उत्तराखंड कुंभ की तैयारियों को झटका, बीएचईएल उपनगरी में चरमराई सफाई व्यवस्था, जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर, जनता परेशान,,,,

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की भव्य तैयारियों के बीच भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) उपनगरी की सफाई व्यवस्था एक बार फिर पूरी तरह पटरी से उतरती दिखाई दे रही है। विडंबना यह है कि पिछले वर्ष जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों पर चलाए गए विशेष स्वच्छता अभियान के तहत जिन स्थानों को कूड़ा मुक्त कराया गया था, वहां एक बार फिर से अवैध रूप से कूड़े की डंपिंग शुरू हो गई है।
पीठ बाजार और संत रविदास मंदिर के पीछे गंदगी का अंबार
बीएचईएल उपनगरी के निवासियों ने नगर प्रशासन और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुंभ मेले के दौरान इस क्षेत्र का भी व्यापक उपयोग होता है, इसके बावजूद जिला प्रशासन और कुंभ मेला प्रशासन की तैयारियों के अनुरूप यहां सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उपनगरी के सेक्टर-एक स्थित पीठ बाजार और संत रविदास मंदिर के ठीक पीछे कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं। धार्मिक स्थल के आसपास गंदगी होने और क्षेत्र में खुले में शौच की समस्या बढ़ने से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ वहां आने वाले श्रद्धालुओं की भावनाएं भी आहत हो रही हैं और उनमें भारी नाराजगी है।
जंगली जानवरों और संक्रामक बीमारियों का बढ़ा खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, आवासीय क्षेत्रों में कूड़ेदान उपलब्ध होने के बावजूद खुले में गीला और सूखा कचरा फेंका जा रहा है। इस कचरे की दुर्गंध और खाद्य सामग्री की तलाश में जंगली जानवरों के आबादी वाले क्षेत्रों में घुसने का खतरा काफी बढ़ गया है। इसके अतिरिक्त, वर्षा जल संरक्षण (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) के लिए बनाए गए गड्ढों में भी कूड़ा डाला जा रहा है, जिससे भविष्य में जलभराव और भूजल प्रदूषण की गंभीर समस्या पैदा हो सकती है। मंदिर के आसपास फैली गंदगी से क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी प्रबल हो गई है। वहीं, आवासीय उपनगरी में भी गंदगी बढ़ती जा रही है और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों के अवसर पर भी सफाई व्यवस्था का उचित ध्यान नहीं रखा गया।
पूर्व नगर प्रशासक के कार्यकाल को याद कर रहे लोग, आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि राज्य के खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) अभियान लागू होने के बावजूद बीएचईएल प्रबंधन खुले में शौच की समस्या पर अंकुश नहीं लगा पा रहा है। निवासियों के मुताबिक, पूर्व नगर प्रशासक संजय पंवार के कार्यकाल में इस पूरे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था बेहद चाक-चौबंद थी और उन्होंने क्षेत्र को गंदगी व खुले में शौच से मुक्त कराया था, लेकिन उनकी सेवानिवृत्ति के बाद से हालात निरंतर बिगड़ते चले गए। लोगों ने यह भी बताया कि बीएचईएल के मुख्य प्रवेश द्वारों में शामिल बैरियर नंबर-एक पर झोपड़पट्टी में रहने वाले लोगों के अतिक्रमण करने से भी स्थिति और अधिक बिगड़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने बीएचईएल प्रबंधन और जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया जाए और नियमित सफाई अभियान शुरू किया जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मामले को उचित फोरम पर उठाने के लिए बाध्य होंगे।
