उत्तराखंड थत्यूड़ को मिली उप जिला अस्पताल की सौगात, सीएम धामी ने किया 52 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास,,,

थत्यूड़ (टिहरी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को टिहरी जिले के थत्यूड़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित भव्य समारोह में तीन दिवसीय नौवें जौनपुर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। महोत्सव के आगाज अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने आकर्षक मार्च पास्ट निकाला और पारंपरिक लोकगीत व लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टिहरी जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए 52 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 30 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा 22 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 15 नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
सीएचसी थत्यूड़ का होगा उच्चीकरण, संस्कृति और खेलों को मिल रहा बढ़ावा

स्थानीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थत्यूड़ को उच्चीकृत कर उप जिला चिकित्सालय बनाने सहित क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि जौनपुर महोत्सव इस क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से स्थानीय लोकगीतों और लोकनृत्यों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों से प्रेरित होकर उत्तराखंड के युवा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
सरकार के ऐतिहासिक फैसले, 35 हजार युवाओं को मिला रोजगार

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने और देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून बनाने जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। इसके साथ ही सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त अभियान चलाते हुए अब तक करीब 13 हजार एकड़ भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और पिछले पांच वर्षों के भीतर प्रदेश के लगभग 35 हजार युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी सेवाओं में रोजगार प्रदान किया गया है। पर्यटन और कृषि विकास की चर्चा करते हुए सीएम ने बताया कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण का कार्य तेजी से गतिमान है और तिवाड़ गांव को एक आदर्श होम स्टे गांव के रूप में विकसित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर द्वारा कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की भी मुक्त कंठ से सराहना की।
