उत्तराखंड ट्रेंनों-बसों में मारामारी, लोगो को करना पड़ा इंतजार, रक्षाबंधन पर उमड़ी यात्रियों की भारी भीड़, सीट नहीं मिली तो खड़े होकर किया सफर,,,

हरिद्वार। हरिद्वार में रक्षाबंधन पर्व के दूसरे दिन भी ट्रेनों और बसों में यात्रा करने के लिए भारी मारामारी देखने को मिली, जिसके चलते यात्रियों को सफर करने के लिए काफी इंतजार करना पड़ा. शुक्रवार को भाइयों को रक्षासूत्र बांधने के बाद बहनें अपने घर पहुंचने के लिए रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे पर पहुंचनी शुरू हो गईं, लेकिन बसों और ट्रेनों में पीछे से ही भारी भीड़ होने के कारण यात्रियों को बैठने के लिए सीट नहीं मिल सकी.
लोगों को सीट के लिए बसों का लंबा इंतजार करना पड़ा और जो यात्री बसों व ट्रेनों में चढ़ गए, उन्हें मजबूरन खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी. हालांकि परिवहन निगम की ओर से विभिन्न रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए गए थे, लेकिन अत्यधिक भीड़ के आगे बसों के ये फेरे भी कम पड़ गए.
हरिद्वार डिपो के सहायक महाप्रबंधक विशाल चंद्रा ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के चलते यात्रियों की सुविधा के लिए बसों की बढ़ोतरी की गई है, ताकि सभी यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके. उन्होंने यह भी बताया कि शनिवार और रविवार को भी यात्रियों की भारी भीड़ बने रहने का अनुमान है.
