उत्तरकाशी केदारताल ट्रैक पर हुए हादसे में रेस्क्यू टीम को मिले दो ट्रैकर्स के शव अभी छह की तलाश जारी,,,

उत्तरकाशी। केदारताल ट्रैक पर विषम मौसम के बीच फंसे आठ ट्रैकर्स की खोजबीन में जुटी राहत एवं बचाव टीमों को मंगलवार को दो ट्रैकर्स के शव बरामद हुए हैं। मृतकों में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं, जिनकी पहचान फंसे हुए दल के सदस्यों के रूप में की गई है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने एसडीआरएफ द्वारा दो शव बरामद किए जाने की आधिकारिक पुष्टि की है।
करीब पांच दिन पूर्व केदारताल ट्रैक पर कच्ची ढांग के समीप आठ ट्रैकर्स बर्फीले मार्ग में फंस गए थे। मौसम साफ होते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीम ने समुद्रतल से लगभग चार हजार मीटर की ऊंचाई पर संयुक्त सर्च अभियान शुरू किया, जिसके दौरान ये शव बरामद हुए। दो ट्रैकर्स के शव मिलने के बाद दल के शेष छह सदस्यों के जीवित बचे होने की संभावनाएं भी काफी क्षीण मानी जा रही हैं। एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि दोनों शवों को बुधवार को हेलीकॉप्टर के माध्यम से हर्षिल हैलीपैड लाया जाएगा। वहीं अभियान में जुटी टीम की मदद के लिए अतिरिक्त दल रसद व जीवन रक्षक उपकरणों के साथ केदारखड़क के लिए रवाना किया जा रहा है।
