उत्तराखंड हरिद्वार को मिली बड़ी सौगात, राज्य स्थापना दिवस पर 40 बेड के साथ यहां होगी मेडिकल कॉलेज की शुरुआत,,,

हरिद्वार। जिले के निवासियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। जगजीतपुर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज का संचालन आगामी नौ नवंबर यानी राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 40 बेड की क्षमता के साथ विधिवत शुरू होने जा रहा है। करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से जिले के मरीजों को गंभीर आपातकालीन स्थिति, ट्रॉमा सेंटर और अल्ट्रासाउंड जैसी जांचों के लिए अब एम्स ऋषिकेश या दून मेडिकल कॉलेज के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
लक्सर रोड स्थित इस मेडिकल कॉलेज के भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में चल रहा है, जबकि यहां तीसरा शैक्षणिक सत्र पहले से गतिमान है। 29 जुलाई से सप्ताह में दो दिन संचालित की जा रही ओपीडी को अब नियमित कर दिया गया है, जहां मरीजों को निशुल्क दवाएं वितरित की जा रही हैं। बीते माह से पैथोलॉजी जांच और सोमवार से एक्स-रे की सुविधा भी बहाल कर दी गई है। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज सिंह के अनुसार, पहले चरण में 30 से 40 बेड के साथ अस्पताल शुरू करने की पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से बेडों की संख्या बढ़ाकर 500 तक पहुंचाई जाएगी और इनडोर मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था शुरू होगी, जिससे हरिद्वार सहित आसपास के क्षेत्रों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
