उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास कार्यों व कुंभ मेला-2027 के लिए प्रदान की ₹42.78 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति,,,,

देहरादून। प्रदेश के सर्वांगीण विकास और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जनपदों में सड़क, सिंचाई, आवास, मंदिर सौन्दर्यीकरण सहित कुंभ मेला-2027 से जुड़े निर्माण कार्यों के लिए ₹42.78 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस धनराशि से पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में जनसुविधाओं, धार्मिक पर्यटन और आवागमन को नई गति मिलेगी।
स्वीकृत कार्यों एवं बजट का विवरण:
- कुंभ मेला-2027 (हरिद्वार क्षेत्र): कुंभ मेला-2027 के सफल व सुगम आयोजन की तैयारियों के तहत 06 प्रमुख मार्गों के निर्माण कार्यों के लिए सर्वाधिक ₹26.27 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
- जनपद उत्तरकाशी: फायर स्टेशन लदाड़ी में सुरक्षा व आवासीय सुविधाओं को सुदृढ़ करते हुए टाइप-द्वितीय श्रेणी के 12 आवासों के निर्माण हेतु ₹7.94 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
- जनपद टिहरी (देवप्रयाग विधानसभा): धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देवप्रयाग क्षेत्र के मंदिरों के सौन्दर्यीकरण के लिए ₹1.67 करोड़, विकासखंड कीर्तिनगर स्थित डागर शिवालय के लिए ₹39.94 लाख तथा ग्राम सभा बडोला (उरमण तोक) स्थित बिन्सर देवता मंदिर के सौन्दर्यीकरण व इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य के लिए ₹36.19 लाख अनुमोदित किए गए हैं।
- जनपद पिथौरागढ़: डीडीहाट विधानसभा के तहत ग्राम पंचायत द्योगली में सीसी मार्ग, खड़ंजा व सुरक्षात्मक कार्यों के लिए ₹1.00 करोड़ तथा धारचूला विधानसभा के मदकोट क्षेत्र में मदाकिनी पुल से ग्राम सभा राप्ती तक पैदल अश्व मार्ग निर्माण हेतु ₹29.84 लाख की स्वीकृति मिली है।
- जनपद चम्पावत: ताड़कश्वर एवं सीता कुंड के सौन्दर्यीकरण के लिए ₹98.47 लाख तथा मंच-लेठी-बमनगांव-तारकुली-आवंडा क्षेत्र में सिंचाई गूल निर्माण के लिए ₹95.01 लाख मंजूर किए गए हैं।
- जनपद अल्मोड़ा: सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्रान्तर्गत विकासखंड ताकुला के भेसड़गांव-चौड़ा फल्याटी-बनौड़ा सिंचाई गूल निर्माण हेतु ₹1.63 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी गई है, जिससे स्थानीय किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
- जनपद बागेश्वर: कपकोट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मंडी परिषद से रंगदेव मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य हेतु ₹1.28 करोड़ का अनुमोदन किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के अंतिम छोर तक आधुनिक बुनियादी ढांचा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इन स्वीकृतियों से न केवल स्थानीय स्तर पर आवागमन, सिंचाई और आवास की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, बल्कि धार्मिक स्थलों के सौन्दर्यीकरण से पर्यटन आर्थिकी को भी बल मिलेगा।
