धनतेरस व दीपावली पर हरिद्वार में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव, उत्तरी हरिद्वार, ज्वालापुर, कनखल और रानीपुर में बनाए गए विशेष रूट व पार्किंग स्थल,,,

हरिद्वार। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज के पावन पर्वों के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक यातायात योजना तैयार की है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशानुसार शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए विशेष रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत ज्वालापुर, कनखल, रानीपुर और उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक भारी और व्यावसायिक लोडिंग वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की स्थिति में यातायात को वैकल्पिक व वन-वे मार्गों से निकाला जाएगा।

उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सूखी नदी तिराहे से भीमगोड़ा बैरियर और खड़खड़ी की तरफ जाने वाले व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश को रोका जाएगा, जबकि दुपहिया वाहनों को खड़खड़ी और ऋषिगुल की तरफ मोड़ा जाएगा। बाहर से आने वाले वाहनों के लिए सूखी नदी तिराहा, ऋषिकुल मैदान और हरकी पैड़ी क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार ज्वालापुर में जटवाड़ा पुल से दुर्गा चौक, रेल चौकी, सेक्टर-2 और भगत सिंह चौक तक सुबह आठ से रात दस बजे तक लोडिंग वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सीतापुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए रेलवे अंडरपास के समीप पार्किंग स्थल बनाया गया है, वहीं भगत सिंह चौक पर दबाव बढ़ने की स्थिति में वाहनों को टिबड़ी मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
कनखल क्षेत्र में व्यवस्था बनाते हुए सिंहद्वार से चौक बाजार और जगजीतपुर तक भारी वाहनों की नो-एंट्री प्रभावी रहेगी। यहां आने वाले वाहनों को व्यवस्थित करने के लिए कुम्हारगढ़ा पुलिया से देशरक्षक तिराहे के बीच खाली स्थानों और नहर पटरी पर पार्किंग की सुविधा दी जाएगी। वहीं रानीपुर क्षेत्र में यातायात को नियंत्रित करने के लिए चिन्मय कॉलेज के पास मुख्य पार्किंग स्थल बनाया गया है। सलेमपुर चौक, बहादराबाद और भेल की ओर से आने वाले समस्त वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क कराया जाएगा, ताकि त्योहारी खरीदारी के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
