उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या पर पति पप्पू गिरधारी ने लगाए गंभीर आरोप, पप्पू का पत्नी रेखा आर्य के पास ₹210 करोड़ की अवैध संपत्ति का दावा, सीएम धामी से जांच की मांग,,,,

देहरादून। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति व भाजपा नेता पप्पू गिरधारी के बीच उपजा विवाद अब बेहद गंभीर राजनीतिक मोड़ ले चुका है। मंत्री की तरफ से प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराए जाने के बाद भूमिगत हुए पप्पू गिरधारी ने अज्ञात स्थान से सोशल मीडिया (फेसबुक लाइव) के माध्यम से अपनी पत्नी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या पर भ्रष्टाचार के जरिये लगभग ₹210 करोड़ की अकूत अवैध संपत्ति अर्जित करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
🔴 ‘उत्तराखंड आकर करूंगा खुलासे’- प्रेस कॉन्फ्रेंस की दी चेतावनी
फेसबुक लाइव के दौरान पप्पू गिरधारी ने कहा कि वह जल्द ही उत्तराखंड पहुंचकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और मंत्री की संपत्तियों तथा भ्रष्टाचार से जुड़े साक्ष्यों को सार्वजनिक करेंगे। उसने दावा किया कि रेखा आर्या के विभाग में पिछले 10 वर्षों से अनियमितताएं और भ्रष्टाचार चल रहा है, जिसको लेकर उसने समय-समय पर खुद मंत्री के समक्ष भी आपत्ति दर्ज कराई थी। उसने यह भी स्पष्ट किया कि बरेली में उसका जमीन का पुख्ता कारोबार है और उसे किसी गलत तरीके से धन कमाने की आवश्यकता नहीं है।
🔴 ’17 साल तक राजनीतिक सफर में दिया साथ, चुनाव में सहयोग न करने पर कराई एफआईआर’

पप्पू गिरधारी ने भावुक होते हुए कहा कि उसने पिछले 17 वर्षों तक रेखा आर्या के राजनीतिक जीवन को संवारने में आर्थिक और जमीनी स्तर पर पूरा सहयोग दिया। उसने दावा किया कि जब उनका परिचय हुआ था, तब उनके पास बेहद सीमित संसाधन थे और उसने लगातार मदद कर उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। गिरधारी के अनुसार, इस बार विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड जाकर प्रचार करने और साथ देने से मना करने पर मंत्री उनसे नाराज हो गईं, जिसके परिणामस्वरूप उनके खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई।
🔴 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से निष्पक्ष जांच की गुहार
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए पप्पू गिरधारी ने उन्हें ईमानदार और अपने भाई समान बताया। उसने मुख्यमंत्री से पूरे प्रकरण और मंत्री की संपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई ताकि जनता के सामने सच आ सके। इसके अलावा, हाल ही में सामने आए कथित ऑडियो क्लिप को फर्जी और एआई (AI) तकनीक से निर्मित बताते हुए उसने आरोप लगाया कि पूर्व महिला मैनेजर को केवल इसलिए जेल भेजा गया क्योंकि वह मंत्री से जुड़े कई राज जानती थी।
🔴 गोलू देवता की कसम की दी चुनौती- कंपनी दस्तावेजों की जांच की मांग
उत्तराखंड की लोक आस्था का हवाला देते हुए पप्पू गिरधारी ने रेखा आर्या को न्याय के देवता ‘गोलू देवता’ की कसम खाकर सच बोलने की खुली चुनौती दी। उसने मंत्री से लगाए गए आरोपों को वापस लेने की अपील भी की। वहीं, कंपनी के शेयरों और इस्तीफे को लेकर उठ रहे सवालों पर सफाई देते हुए उसने दावा किया कि संबंधित फर्म में मंत्री की भी हिस्सेदारी है और आधिकारिक दस्तावेजों की गहन जांच से पूरी स्थिति खुद-ब-खुद साफ हो जाएगी।
