देहरादून में लोक भवन कूच के दौरान हुआ बवाल, हरीश रावत, हरक सिंह और प्रीतम सिंह सहित कांग्रेस के 30 नेताओं पर मुकदमा दर्ज,,,

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लोक भवन कूच के दौरान पुलिस बैरिकेडिंग पार करने, मुख्य द्वार जबरन खोलने के प्रयास तथा पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने के मामले में कैंट कोतवाली पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत और प्रीतम सिंह सहित 30 प्रमुख कांग्रेसी नेताओं व कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली है।
🔴 कैंडल मार्च के दौरान लोक भवन कूच, बैरिकेडिंग तोड़ मुख्य गेट पर पहुंचे

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से घंटाघर तक कैंडल मार्च निकालने और जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन भेजने की घोषणा की थी। इसी बीच कांग्रेस कार्यकर्ता अचानक एनएक्ससी बैरियर पर एकत्रित हो गए और नारेबाजी करते हुए दुष्यंत गौतम को राज्यपाल पद से हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और हरक सिंह रावत के नेतृत्व में शुरू हुए इस प्रदर्शन में बाद में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत तथा प्रीतम सिंह भी अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए।
🔴 सरकारी कार्य में बाधा और धक्का-मुक्की का आरोप

पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं थी, जिसके चलते उन्हें बैरिकेडिंग पर रुकने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी पुलिस आदेशों की अवहेलना करते हुए जबरन बैरिकेडिंग पार कर लोक भवन के मुख्य द्वार तक पहुंच गए। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने गेट को पकड़कर उसे जबरन खोलने की कोशिश की और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की, जिससे शासकीय कार्य में सीधा व्यवधान उत्पन्न हुआ।
🔴 अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर कराया गया खाली

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अंततः दोपहर करीब 2:35 बजे सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वहां से हटाया जा सका। कैंट थाना प्रभारी संतोष सिंह कुंवर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित नेताओं व कार्यकर्ताओं के खिलाफ नामजद और अज्ञात धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
🔴 ये नेता हुए नामजद

दर्ज प्राथमिकी में गणेश गोदियाल, हरीश रावत, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत, ज्योति रौतेला, गरिमा मेहरा दसौनी, राजकुमार, लालचंद शर्मा, आशा मनोरमा शर्मा, सुजाता पॉल, विनोद चौहान, मोहन कुमार काला, सूरज छेत्री, गोदावरी थापली, स्वाति नेगी, मनीष गौंतियाल, प्रतिमा सिंह, गजेंद्र शाह, अश्वनी बहुगुणा, पीयूष जोशी, चंद्रकला नेगी, गुल मोहम्मद, गोपाल सिंह गड़िया, ललित भद्री, रितिश छेत्री, सुरेंद्र सिंह रावत, सुनीत सिंह राठौड़, हरी कृष्ण भट्ट, दीपक मझवाल और पुष्पा पंवार प्रमुख रूप से नामजद किए गए हैं।
