उत्तराखंड हरिद्वार साध्वी निरंजन ज्योति बनेंगी निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर- श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी

हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने साध्वी जीवन ज्योति (निरंजन ज्योति) को निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर बनाने की घोषणा की है। सनातन धर्म और संस्कृति के प्रचार-प्रसार में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित पदवी दी जा रही है।

शुक्रवार को निरंजनी अखाड़े में आगमन पर श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने साध्वी जीवन ज्योति को मां मनसा देवी की प्रतिमा भेंट कर एवं चुनरी ओढ़ाकर उनका भव्य स्वागत किया। श्रीमहंत ने उनके गुरुजनों, चक्रवर्ती महामंडलेश्वर ब्रह्मलीन उषा माता और ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी महादेव की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले से पूर्व अखाड़े के पंच परमेश्वर और संत समाज की मौजूदगी में विधिवत समारोह आयोजित कर उन्हें महामंडलेश्वर की पदवी प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर साध्वी ने अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी को सरल स्वभाव का संत बताते हुए कहा कि वे सनातन जगत को एकजुट करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं और उनके नेतृत्व में हरिद्वार कुंभ मेला भव्य व दिव्य रूप में संपन्न होगा। कार्यक्रम में अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, महंत दिनेश गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद गिरी, महंत हरगोविंद पुरी, महंत राजगिरी, महंत सतीश वन, साध्वी पूजा ज्योति मां और जगदीश चावला मौजूद रहे।
