उत्तराखंड बाबा केदारनाथ की उत्सव डोली शीतकाल पूजा अर्चना हेतु विधिविधान से ओखीमठ ओंकारेश्वर मंदिर में हुई विराजमान,,,,

ऊखीमठ (रुद्रप्रयाग)। भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली अपनी शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंच गई है। इसके साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के बीच बाबा केदार की भोग मूर्तियों को मंदिर के गर्भगृह में स्थापित कर दिया गया है, जहां अब आगामी छह माह तक बाबा के शीतकालीन दर्शन एवं पूजन संपन्न होंगे।

शुक्रवार को बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह डोली दोपहर साढ़े बारह बजे ढोल-दमाऊं और सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच ओंकारेश्वर मंदिर परिसर पहुंची, जहां भक्तों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। परिक्रमा के पश्चात डोली को मंदिर के गर्भगृह में विराजमान किया गया। मंदिर के पुजारी शिवशंकर लिंग, बागेश लिंग, वेदपाठी विश्वमोहन जमलोकी, यशोधर मैठाणी और आशाराम नौटियाल ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भोग मूर्तियों को गर्भगृह में स्थापित किया। इसी के साथ ओंकारेश्वर मंदिर में शीतकालीन पूजा-अर्चना शुरू हो गई है। इस पावन अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
दूसरी ओर, श्री बदरीनाथ धाम मंदिर के कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। कपाट बंद होने से पहले रावल अमरनाथ नंबूदरी ने दोनों मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना कर भोग लगाया। पंच पूजा के क्रम में अब 16 नवंबर को बदरीनाथ मंदिर के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
