“देश – दुनिया” माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर ठप, दुनिया के बड़े हिस्से में डिजिटल कामकाज प्रभावित, भारत में भी पड़ा व्यापक असर,,,,

हांगकांग/नई दिल्ली। माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में आई तकनीकी खराबी के कारण लगातार दूसरे दिन दुनिया के बड़े हिस्से में डिजिटल सेवाएं ठप रहीं। इस वैश्विक व्यवधान से एशिया से लेकर अमेरिका तक हजारों उपयोगकर्ताओं, कॉर्पोरेट कंपनियों और सरकारी विभागों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आउटलुक ई-मेल, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स और एआई असिस्टेंट कोपायलट जैसी प्रमुख सेवाएं घंटों तक बाधित रहने से कई संगठनों को वैकल्पिक रूप से फैक्स मशीनों का सहारा लेना पड़ा।

इस व्यवधान का व्यापक वैश्विक असर देखने को मिला है। अमेरिका की औद्योगिक प्रौद्योगिकी कंपनी वर्कहॉर्स ग्रुप इंक को अपनी तिमाही आय से जुड़ी कॉन्फ्रेंस कॉल टालनी पड़ी, वहीं ओपनएआई और एंथ्रोपिक जैसे एआई दिग्गजों को भी माइक्रोसॉफ्ट 365 के टूल्स से कनेक्ट होने में समस्याओं का सामना करना पड़ा। इसके अलावा सिंगापुर की सरकारी ई-मेल सेवाएं, फिलीपीन के सुप्रीम कोर्ट का ई-मेल कार्य और जापान का सरकारी आईटी ढांचा भी इस खराबी से प्रभावित हुआ।

भारत में विमानन परिचालन पर भी इसका आंशिक असर पड़ा और स्पाइसजेट को अपनी तीन उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इंडिगो ने अपनी ई-मेल सहायता सेवाएं प्रभावित होने की जानकारी दी, जबकि एयर इंडिया ने स्पष्ट किया कि उसकी उड़ान सेवाएं सामान्य हैं और ई-मेल को अस्थायी रूप से री-रूट किया गया है। वहीं, भारतीय सरकारी कामकाज पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा क्योंकि सरकार अपने ई-मेल स्वयं के सर्वर पर संचालित करती है। माइक्रोसॉफ्ट ने स्पष्ट किया है कि यह समस्या किसी साइबर हमले का नतीजा नहीं है और इसे पूरी तरह ठीक करने का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर जारी है।
