उत्तराखंड मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी से की भेंट, चारधाम यात्रा हेतु 100% एलपीजी आपूर्ति और आपदा प्रबंधन के लिए अतिरिक्त कोटे की मांग,,,

नई दिल्ली/देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से शिष्टाचार भेंट की। इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य के लिए व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
चारधाम यात्रा के लिए आपूर्ति बहाल रखने का अनुरोध

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुँचते हैं। इस दौरान राज्य में व्यावसायिक एलपीजी की मांग में भारी उछाल आता है। मुख्यमंत्री ने यात्रा के सुचारू संचालन हेतु व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को पूर्ववत् 100 प्रतिशत बनाए रखने का अनुरोध किया। आंकड़ों के अनुसार, इस पूरी अवधि के दौरान राज्य को लगभग 9,67,949 व्यावसायिक सिलेंडरों की आवश्यकता होती है।
आपदा प्रबंधन हेतु 5% अतिरिक्त आवंटन की मांग

उत्तराखंड में मानसून के दौरान आने वाली चुनौतियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जून से सितंबर के मध्य राज्य को अक्सर प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए एलपीजी की उपलब्धता अनिवार्य है।
- प्रस्ताव: मुख्यमंत्री ने आपदा राहत कार्यों के दृष्टिगत व्यावसायिक सिलेंडरों के कोटे में 5 प्रतिशत (लगभग 48,397 सिलेंडर) के अतिरिक्त आवंटन का अनुरोध किया।
अर्थव्यवस्था और पर्यटन पर जोर बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से धार्मिक, सांस्कृतिक और साहसिक पर्यटन पर आधारित है। चारधाम यात्रा न केवल राज्य की सांस्कृतिक पहचान है, बल्कि स्थानीय आर्थिकी का मुख्य आधार भी है। ऐसे में ईंधन की पर्याप्त आपूर्ति विकास और सुरक्षा दोनों के लिए अनिवार्य है।
केंद्र सरकार का आश्वासन

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुना और सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने दोहराया कि केंद्र सरकार उत्तराखंड के हितों और वहां की विषम परिस्थितियों में सहयोग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
