उत्तराखंड बॉलीवुड अभिनेता अमन वर्मा ने यूएफडीसी नोडल अधिकारी के.एस. चौहान से मुलाकात कर उत्तराखंड की फिल्म नीति की करी सराहना,,,,

देहरादून। बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता अमन वर्मा ने शुक्रवार को रिंग रोड, लाडपुर स्थित ‘उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद’ (UFDC) के कार्यालय में परिषद के नोडल अधिकारी के.एस. चौहान से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य की फिल्म नीति और शूटिंग प्रोत्साहन योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। बैठक के दौरान नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने अभिनेता अमन वर्मा को ‘जागेश्वर मंदिर’ का प्रतीक चिह्न (स्मृति चिह्न) भेंट कर उनका स्वागत किया।
उत्तराखंड की नई और सुगम फिल्म नीति से प्रभावित होकर अमन वर्मा ने कहा, “उत्तराखंड में बेहद खूबसूरत और प्राकृतिक शूटिंग लोकेशन्स मौजूद हैं। मैं शीघ्र ही यहाँ अपनी आगामी फिल्मों की शूटिंग की दिशा में विचार करूँगा।” इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि वह 26 जुलाई, 2026 को सायं 7 बजे ‘हिमालयन कल्चरल सेन्टर नींबूवाला, देहरादून’ में आयोजित प्रसिद्ध नाटक “किस्मत पैलेस” का मंचन करेंगे।
मुलाकात के दौरान नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में राज्य को एक प्रमुख फिल्म शूटिंग हब के रूप में विकसित करने के लिए नई नीति लागू की गई है। इस नीति के तहत राज्य में फिल्माई जाने वाली हिंदी व क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों को 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। साथ ही, वेब सीरीज और विदेशी फिल्मों को भी सब्सिडी के दायरे में लाया गया है।
🟢 फिल्म निर्माताओं के लिए राज्य की प्रमुख सुविधाएं
- त्वरित ऑनलाइन अनुमति: ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ के जरिए मात्र 7 दिनों के भीतर ऑनलाइन शूटिंग अनुमति प्रदान की जा रही है।
- निःशुल्क शूटिंग शुल्क: प्रदेश में शूटिंग शुल्क को पूरी तरह से माफ कर दिया गया है।
- अतिरिक्त रियायतें: सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ ‘GMVN’ और ‘KMVN’ के गेस्ट हाउसों में रहने पर विशेष छूट उपलब्ध कराई जा रही है।
के.एस. चौहान ने बताया कि अनुकूल माहौल और सुविधाओं के कारण उत्तराखंड में प्रतिवर्ष 200 से अधिक फिल्मों, वेब सीरीज और सीरियलों की शूटिंग हो रही है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। सरकार का लक्ष्य राज्य की अद्वितीय प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और शांत वातावरण के बल पर उत्तराखंड को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनाना है।
