उत्तराखंड देहरादून में प्रधानमंत्री के आगमन दौरे की तैयारियां पूरी, प्रशासन अलर्ट मोडपर, सुरक्षा के दृष्टिगत 13 जोन में बांटा गया रूट प्लान,,,,

देहरादून। नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल के प्रस्तावित देहरादून दौरे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सतर्कता और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी विभागों को प्रोटोकॉल के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और सेफ्टी सर्टिफिकेट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर मंच, साउंड सिस्टम, एलईडी, ग्रीन रूम, इंटरनेट और मिनट-टू-मिनट प्लान के अनुसार तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

साथ ही पंडाल में बैठने की व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग, मोबाइल टॉयलेट, स्वच्छता और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं (एम्बुलेंस सहित) को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
प्रशासन ने आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक पूरे रूट को 13 जोनों में विभाजित कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट और जीटीसी हेलीपैड पर भी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री द्वारा गणेशपुर (सहारनपुर) से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण किया जाएगा, जिसके तहत देहरादून में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
