प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सीएम ने काशी विश्वनाथ मंदिर, उत्तराखंड में विशेष पूजा-अर्चना कर की उनकी दीर्घायु की कामना,,,

उत्तरकाशी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र सेवा में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन के लिए प्रार्थना की।
🟢 राष्ट्रसेवा और जनकल्याण को समर्पित 25 वर्ष: धामी
पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का यह कार्यकाल राष्ट्रसेवा, अंत्योदय और देश के सर्वांगीण विकास के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व ने देश को एक नई दिशा, नई ऊर्जा और वैश्विक पटल पर अभूतपूर्व गौरव प्रदान किया है।
🟢 ‘विकसित भारत’ के संकल्प की सिद्धि के लिए मांगा आशीर्वाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में प्रार्थना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ का संकल्प शीघ्र सिद्ध हो और राष्ट्र निरंतर समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे।
सीएम धामी ने यह भी कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की इस पावन धरा से प्रधानमंत्री के दीर्घ एवं सफल सार्वजनिक जीवन के लिए बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए परम सौभाग्य का क्षण है।
