बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ का जलवा, सीएम धामी संग टीम ने थिरकाए कदम, कैंची धाम में उमड़ी भारी भीड़ पर निर्देशक ने की अपील,,,

देहरादून। नीम करोली बाबा के जीवन और महिमा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक सफलता दर्ज कर रही है। सिनेमाघरों में करीब 60 दिन पूरे करने जा रही इस फिल्म ने दुनियाभर में 423 करोड़ रुपये से अधिक का ग्रॉस कलेक्शन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। फिल्म की इस अभूतपूर्व सफलता के बीच निर्माता-निर्देशकों और कलाकारों की टीम ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।
🟢 खटीमा में सम्मान समारोह: सीएम ने बजाया ढोल, टीम संग किया ‘झोड़ा’ नृत्य
खटीमा में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘हनुमान अंश’ की टीम को सम्मानित किया। इस दौरान पूरी टीम को स्मृति चिह्न के रूप में पूज्य नीम करोली बाबा का चित्र भेंट किया गया। कार्यक्रम में पारंपरिक पहाड़ी संस्कृति का मनमोहक रंग देखने को मिला।
सीएम धामी और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने फिल्म के मुख्य अभिनेता शोभिनव सत्य, निर्माता अनुप्रिया नागर और रागिनी सोना के साथ पारंपरिक ‘झोड़ा’ नृत्य किया। इस दौरान मुख्यमंत्री स्वयं ढोल बजाते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मुख्यमंत्री ने वीडियो साझा करते हुए लिखा कि उत्तराखंड संत, महात्माओं और गुरुओं की अत्यंत पवित्र भूमि है।
🟢 कैंची धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, व्यवस्थाएं चरमराईं
फिल्म के प्रदर्शन के बाद देश-विदेश में नीम करोली बाबा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था में भारी उछाल आया है। नैनीताल स्थित विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में रोजाना हजारों की संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बीते सप्ताहांत भारी भीड़ के चलते मार्ग पूरी तरह चक्का जाम हो गया, जिससे स्थानीय प्रशासन और दर्शनार्थियों दोनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
🟢 निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी की श्रद्धालुओं से भावुक अपील
मंदिर क्षेत्र में बढ़ रहे दबाव और जाम की स्थिति को देखते हुए फिल्म के निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से भक्तों से विशेष अपील की है।
उन्होंने एक संदेश जारी करते हुए कहा:
“कैंची धाम प्रस्थान करने से पहले वहां के स्थानीय हालात और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी अवश्य ले लें, ताकि अनावश्यक जाम और लंबी कतारों की परेशानी से बचा जा सके। नीम करोली बाबा हर भक्त के दिल में वास करते हैं, इसलिए श्रद्धा के साथ-साथ व्यवस्था और संयम का ध्यान रखना भी जरूरी है।”

