उत्तराखंड ज्वालापुर में बरामदगी के कुछ घंटों बाद 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने दोस्तों पर लगाए गंभीर आरोप,,,,

हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र के अंतर्गत एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। ट्यूशन के लिए घर से निकली और पुलिस द्वारा सकुशल बरामद की गई 15 वर्षीय किशोरी की कुछ ही घंटों बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। डॉक्टरों द्वारा प्रथम दृष्टया जहर (Suspected Poison) की आशंका जताई गई है, जिसके बाद परिजनों ने किशोरी के दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
घटनाक्रम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोविंदपुरी (मान्यवर वाली गली) निवासी एक किशोरी 8 मई की शाम 4 बजे ट्यूशन के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की।
9 मई की सुबह लगभग 11 बजे सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी माध्यमों की मदद से पुलिस ने किशोरी को ढूंढ निकाला। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह अपने मित्र ऋतिक के साथ हरिद्वार और ऋषिकेश घूमने गई थी। परिजनों की मौजूदगी में हुई पूछताछ के दौरान किसी भी प्रकार के अपराध से इनकार करने पर किशोरी को दोपहर 3:30 बजे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था।
अस्पताल में हुई मृत्यु और पोस्टमार्टम रिपोर्ट
परिजनों के सुपुर्द किए जाने के कुछ ही घंटों बाद शाम को किशोरी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे तत्काल सिटी अस्पताल, रानीपुर मोड़ ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
रविवार, 10 मई को डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम किया गया। डॉक्टरों ने प्रारंभिक रिपोर्ट में ‘संदिग्ध जहर’ (Suspected Poison) को मृत्यु का कारण बताया है।
परिजनों के आरोप और पुलिस की जांच
किशोरी की मौत के बाद परिजनों के सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने किशोरी के मित्र ऋतिक और कुछ अन्य महिला व पुरुष मित्रों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले में साजिश की बात कही है।
पुलिस प्रशासन का रुख

”मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत विवेचना की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। सभी संदिग्धों से पूछताछ जारी है- कोतवाली, ज्वालापुर पुलिस
