उत्तराखंड हरिद्वार आईआईटी रुड़की के छात्रावास में फंदे से लटका मिला छात्र का शव, लैपटॉप की स्क्रीन पर मिला सुसाइड नोट,,,

रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के गोविंद भवन छात्रावास में गाजियाबाद निवासी 20 वर्षीय छात्र आयुष रजौरिया का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के भीतर पंखे से लटका मिला। मृतक आयुष पुत्र शैलेश रजौरिया, राजनगर एक्सटेंशन (गाजियाबाद) का निवासी था और आईआईटी में बीएस-एमएस द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था।
शुक्रवार रात करीब एक बजे आईआईटी के सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह नेगी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वीडियोग्राफी कराते हुए कमरे का दरवाजा तोड़ा, जहां अंदर छात्र का शव फंदे से लटका पाया गया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं, वहीं आईआईटी के डॉ. मयंक शर्मा ने प्रारंभिक जांच के बाद मौत पांच से छह घंटे पहले होने की आशंका जताई है।

एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा छात्र के लैपटॉप की जांच करने पर स्क्रीन पर एक सुसाइड नोट लिखा मिला है, जिसमें उसने पढ़ाई करने के औचित्य और अपने जीवन को ठीक से नहीं जी पाने जैसी बातें लिखी थीं। पुलिस लैपटॉप से मिली अन्य जानकारियों के आधार पर आत्महत्या के कारणों की गहन जांच कर रही है। घटना की सूचना पर छात्र के परिजन आईआईटी पहुंच गए हैं, वहीं संस्थान प्रशासन ने बयान जारी कर आयुष के असामयिक निधन पर गहरा दुख जताते हुए पुलिस जांच में पूर्ण सहयोग और परिवार को हरसंभव सहायता देने की बात कही है।
