उत्तराखंड पौड़ी आंगन में खेल रही चार साल की मासूम को गुलदार ने बनाया निवाला, क्षेत्र में दहशत का माहौल,,,

पौड़ी/कोटद्वार। जनपद के खांड्यूसैंण कस्बे के मल्ली गांव में गुलदार (तेंदुए) के खौफनाक हमले में एक चार वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के समय बच्ची घर के पास खेल रही थी। गुलदार के इस हमले के बाद से समूचे ग्रामीण अंचल में भारी आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, चार वर्षीय आरुषि पुत्री कृष्ण कुमार अपनी नानी पूनम देवी के घर पर रह रही थी। मंगलवार शाम करीब छह बजे वह घर के समीप ही खेल रही थी, तभी घात लगाकर बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे जबड़े में दबाकर घसीटते हुए ले जाने लगा। पास में मौजूद आरुषि के सात वर्षीय बड़े भाई आर्यन ने शोर मचाते हुए नानी को बताया कि गुलदार बहन को नीचे की तरफ ले जा रहा है। नानी पूनम देवी ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत शोर मचाया और गुलदार के पीछे भागीं। लगभग सौ मीटर नीचे जाने पर गुलदार बच्ची को छोड़कर भाग निकला, लेकिन तब तक मासूम आरुषि दम तोड़ चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। घटना के बाद मृतका की मां बबीता देवी और नानी का रो-रोकर बुरा हाल है।
