उत्तराखंड में यहां जंगल में बकरियां चराने गए ग्रामीण पर किया भालू ने जानलेवा हमला, गंभीर हालत में हेली एंबुलेंस से हायर सेंटर रेफर,,,

नौगांव (उत्तरकाशी)। जनपद उत्तरकाशी के कफनौल गांव में जंगल की ओर बकरियां चराने गए एक 50 वर्षीय ग्रामीण पर भालू ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में ग्रामीण बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हेली एंबुलेंस के जरिए उच्च केंद्र (हायर सेंटर) रेफर किया गया है। घायल व्यक्ति की पहचान कफनौल गांव निवासी रणवीर सिंह कफोला के रूप में हुई है।
🔴 झाड़ियों में छिपकर बैठा था भालू, साथी के शोर मचाने पर बचाई जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रणवीर सिंह अपने एक साथी के साथ गांव से कुछ दूरी पर स्थित जंगल में बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में पहले से घात लगाए बैठे भालू ने अचानक रणवीर सिंह पर झपट्टा मार दिया। भालू के अप्रत्याशित हमले से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद उनके साथी ने साहस दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाया, जिससे डरकर भालू जंगल की ओर भाग गया।
🔴 8 किमी दूर लाकर किया गया एयरलिफ्ट
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगल की ओर दौड़े और घायल रणवीर सिंह को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कफनौल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल हायर सेंटर भेजने की सलाह दी। इसके बाद प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए घायल को करीब आठ किलोमीटर दूर स्थित धारी कलोगी हेलीपैड तक पहुंचाया, जहां से उन्हें हेली एंबुलेंस के जरिए देहरादून स्थित हायर सेंटर के लिए एयरलिफ्ट किया गया।
🔴 वन विभाग करेगा मुआवजे की कार्रवाई
घटना की सूचना पाकर मुंगरसंती रेंज के वन क्षेत्राधिकारी विवेक चौहान विभागीय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना का संज्ञान लेते हुए बताया कि चिकित्सकीय रिपोर्ट और नियमानुसार पीड़ित परिवार को त्वरित उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।
🔴 थराली में भी भालू की दहशत, खौफ के साए में बच्चे

दूसरी ओर, चमोली जिले के थराली स्थित हरिनगर लटोल गांव में भी भालू की सक्रियता से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। क्षेत्र में भालू के खौफ का आलम यह है कि बच्चों ने डर के मारे स्कूल जाना बंद कर दिया है। भालू के बढ़ते आतंक से परेशान ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में तत्काल पिंजरा लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
