उत्तराखंड सिलक्यारा-पोलगांव सुरंग में फिर हुआ भूस्खलन, बड़कोट छोर पर गिरा भारी मलबा, निर्माण कंपनी ने खतरे से किया इनकार,,,

उत्तरकाशी: चारधाम सड़क परियोजना के अंतर्गत यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन सिलक्यारा-पोलगांव सुरंग के भीतर एक बार फिर भूस्खलन की घटना सामने आई है, जिससे सुरक्षा मानकों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सुरंग के पोलगांव (बड़कोट) छोर से करीब डेढ़ किलोमीटर अंदर भूस्खलन होने से मार्ग पर मलबा पसर गया है और इससे जुड़ी तस्वीरें व वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। हालांकि, निर्माण कंपनी ‘नवयुगा इंजीनियरिंग लिमिटेड’ के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री राम ने किसी भी गंभीर खतरे से इनकार करते हुए स्पष्ट किया है कि यह मलबा लगभग 1300 मीटर अंदर गिरा है जिसे हटाने का कार्य तेजी से जारी है।
इस घटना के बाद एक बार फिर वर्ष 2023 के उस बड़े हादसे की यादें ताजा हो गई हैं, जब सिलक्यारा छोर से करीब 200 मीटर अंदर हुए भारी भूस्खलन के कारण 41 श्रमिक 17 दिनों तक सुरंग के भीतर फंस गए थे जिन्हें भारी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था। हालांकि, पिछले हादसों के बावजूद सुरंग निर्माण में भूगर्भीय चुनौतियां बनी हुई हैं। आपको बता दें कि इस 4.5 किलोमीटर लंबी राज्य की सबसे बड़ी निर्माणाधीन सड़क सुरंग का काम 2018 में शुरू हुआ था, जिसे वर्ष 2024 में सफलतापूर्वक आर-पार कर लिया गया है। वर्तमान में सुरंग का लगभग 90 फीसदी सिविल कार्य पूरा हो चुका है और मार्च 2027 तक इसके पूर्ण निर्माण का लक्ष्य तय किया गया है।
