उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला: रानीखेत में सामुदायिक भवन और कई जिलों में विकास कार्यों के लिए करोड़़ों रुपये स्वीकृत,,,,

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों, सौंदर्यीकरण और आपदा राहत कार्यों के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही, राज्य में ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पंचायत भवन निर्माण की अनुदान राशि को भी दोगुना कर दिया गया है।
🟢 विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए स्वीकृत बजट
- अल्मोड़ा: विधानसभा रानीखेत के चिलियानौला में मल्टी-स्टोरी पार्किंग के ऊपर सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए ₹2.90 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
- रुद्रप्रयाग: केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत इष्ट देवी राजराजेश्वरी तालतोली मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु ₹20 लाख का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
- चंपावत: चंपावत विधानसभा क्षेत्र के कालीगूंठ पूर्णागिरी के विभिन्न स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए ₹66.74 लाख की राशि स्वीकृत हुई है।
- बागेश्वर: कपकोट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत धर्मस्व विभाग के माध्यम से मंदिरों के सौंदर्यीकरण हेतु ₹2.40 करोड़ की धनराशि मंजूर की गई है।
🟢 आपदा राहत और विस्थापन सहायता
- चमोली: प्राकृतिक आपदा से जान गंवाने वाले 16 मृत व्यक्तियों के आश्रितों को अनुमन्य राहत राशि के रूप में कुल ₹16.00 लाख की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
- उत्तरकाशी: चिन्यालीसौड़ तहसील में अतिवृष्टि और भूस्खलन से प्रभावित 38 परिवारों को सुरक्षा की दृष्टि से अन्यत्र किराए के भवन में स्थानांतरित करने के लिए ₹4,000 प्रति परिवार की दर से 3 महीने के किराए हेतु ₹4.56 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
🟢 पंचायत भवनों के निर्माण के लिए अब मिलेंगे ₹20.00 लाख
ग्राम पंचायतों को आर्थिक रूप से सशक्त और बुनियादी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सेक्टर के तहत पंचायत भवन निर्माण के लिए दी जाने वाली अनुदान राशि को ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹20 लाख कर दिया है। इस संबंध में शासन द्वारा आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
