उत्तराखंड नवनिर्माण और सृजन के पर्व विश्वकर्मा जयंती पर सीएम धामी ने दिया संदेश – कौशल विकास से ही सशक्त बनेगा उत्तराखंड

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। पर्व की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा नवनिर्माण एवं सृजन के देवता हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती का यह पर्व प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले उद्यमियों, शिल्पियों और श्रमवीरों को सम्मानित करने का भी एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने आधुनिक एवं तकनीकी युग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आज के इस दौर में कुशल मानव संसाधन किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है।
सरकार कारीगरों, श्रमिकों और युवाओं को कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें निर्माण के क्षेत्र में नई तकनीक का उपयोग कर देश व प्रदेश के विकास में भागीदार बन कर राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प भी लेना होगा।
