उत्तराखंड सत्यापन पर हरिद्वार पुलिस का बड़ा अभियान, सत्यापन न करने पर 87 लोगों के चालान और 34 लोगों की कराई काउंसलिंग,,,

हरिद्वार: जनपद में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और संदिग्ध साइबर अपराधियों की रोकथाम के लिए पुलिस ने विशेष सत्यापन अभियान चलाया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशों के तहत पुलिस ने बृहस्पतिवार को जिले के चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में यह कार्रवाई की।
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कोतवाली कलियर, नगर कोतवाली हरिद्वार और सिडकुल क्षेत्र की बस्तियों व गलियों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 804 लोग पुलिस के रडार पर आए, जिनमें नियमों का पालन न करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
🔴 क्षेत्रवार कार्रवाई के आंकड़े

- कोतवाली कलियर: पुलिस ने 320 लोगों का सत्यापन किया, जिसमें सत्यापन न कराने पर 30 लोगों के पुलिस एक्ट में चालान किए गए और 13 लोगों की काउंसलिंग की गई।
- नगर कोतवाली हरिद्वार: इस क्षेत्र में 323 लोगों का सत्यापन किया गया, जहां 22 लोगों के चालान किए गए तथा 12 लोगों को काउंसलिंग दी गई।
- सिडकुल क्षेत्र: यहाँ 161 लोगों का सत्यापन हुआ, जिसमें सबसे अधिक 35 लोगों के चालान काटे गए और 9 लोगों की काउंसलिंग की गई।
समग्र रूप से पूरे अभियान के दौरान सत्यापन न कराने वाले कुल 87 लोगों के चालान किए गए, जबकि 34 लोगों की काउंसलिंग की गई।
🟢 साइबर ठगी के प्रति जागरूकता
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने स्थानीय नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। जनता से अपील की गई कि वे ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें तथा अपना ओटीपी या बैंक संबंधी गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा न करें। इसके साथ ही, सिम कार्ड, एटीएम और आधार कार्ड से जुड़ी धोखाधड़ी तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले फर्जी विज्ञापनों एवं भ्रामक संदेशों से सावधान रहने की सख्त हिदायत दी गई।
