उत्तराखंड जन्माष्टमी से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, अनियमिताओं पर चॉकलेट और मावा-पनीर की सप्लाई पर लगाई रोक, कारोबारियों में मचा हड़कंप,,,

हरिद्वार। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष चेकिंग और सैंपलिंग अभियान के दौरान बड़ी अनियमितताएं सामने आई हैं। विभाग ने पनीर, मावा और चॉकलेट की सप्लाई पर रोक लगाते हुए कुल दस खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए सुरक्षित किए हैं।
🔴 बिना लाइसेंस चल रही थी एजेंसी, तापमान नियंत्रित न होने पर रोक
गढ़वाल मंडल के अपर आयुक्त आरएस रावत के निर्देशन में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन की टीम ने जगजीतपुर पुलिस चौकी के पास दूध सप्लाई वाहनों और सराय रोड स्थित होलसेल एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सराय रोड स्थित कैडबरी डेयरी मिल्क चॉकलेट डिस्ट्रीब्यूटर एजेंसी बिना फूड लाइसेंस के संचालित पाई गई, जिस पर विभाग ने नोटिस जारी किया। जांच में सामने आया कि चॉकलेट सप्लाई वाले वाहन में तापमान नियंत्रित रखने की व्यवस्था नहीं थी, जिसके चलते संबंधित बैच के चॉकलेट की सप्लाई पर तुरंत रोक लगा दी गई और डिस्ट्रीब्यूटर को शुक्रवार शाम तक सभी पैकेट हटाने के निर्देश दिए गए।
🔴 दूध, पनीर और मावा के भी लिए गए सैंपल
अभियान के तहत अधिकारियों ने मौके पर खुले दूध के दो सैंपल भरे। इसके साथ ही वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने कनखल क्षेत्र की डेयरियों और निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया, जबकि योगेंद्र पांडेय ने रुड़की शहर से पनीर और मावा के एक-एक सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।
🔴 खाद्य कारोबारियों में मचा हड़कंप
त्योहार के सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की इस सख्त कार्रवाई से मिलावटखोरों और अनियमित तरीके से व्यापार करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
