उत्तराखंड विधानसभा चुनाव, कांग्रेस के साथ गठबंधन में 30 सीटों पर लड़ेगी सपा, अखिलेश यादव को सौंपी गई सूची,,,,

देहरादून। उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों में से 30 सीटों पर कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। राज्य में यह पहला अवसर होगा जब दोनों दल एक साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे। हालांकि, गठबंधन के इस दावे पर कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
15 ‘उच्च प्राथमिकता’ वाली सीटें चिह्नित

समाजवादी पार्टी की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने शुक्रवार को जानकारी दी कि राज्य संगठन के नेताओं के साथ विचार-विमर्श के बाद 30 विधानसभा क्षेत्रों की सूची तैयार कर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौंप दी गई है। इन 30 सीटों में से 15 सीटों को ‘उच्च प्राथमिकता’ (हाई प्रायोरिटी) की श्रेणी में रखा गया है।
विपक्षी एकजुटता पर जोर, पर ‘प्लान-बी’ भी तैयार

गठबंधन की आवश्यकता पर बल देते हुए सपा प्रदेश प्रमुख ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को शिकस्त देने के लिए विपक्षी दलों का एकजुट होना अनिवार्य है। उन्होंने आगाह किया कि भाजपा विरोधी दलों का अलग-अलग चुनाव लड़ना नुकसानदेह साबित हो सकता है। हालांकि, सिद्दीकी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश कांग्रेस के साथ यह गठबंधन सिरे नहीं चढ़ पाता है, तो सपा राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
यूपी में भी गठबंधन की सुगबुगाहट, फर्जी सूची का खंडन

उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सपा और कांग्रेस के बीच संभावित गठबंधन और सीट बंटवारे पर अगले कुछ दिनों में औपचारिक बातचीत शुरू होने की संभावना है। इस बीच, सोशल मीडिया पर कांग्रेस द्वारा सपा को 181 सीटें सौंपने की वायरल हो रही सूची को दोनों दलों ने सिरे से खारिज कर दिया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने 181 उम्मीदवारों और निर्वाचन क्षेत्रों की इस सूची को पूरी तरह फर्जी करार दिया है।
