उत्तराखंड हरिद्वार IB दफ्तर में फायरिंग से मचा हड़कंप, आखिर क्यों अपने ही ‘बॉस’ की जान लेने पर उतारू हुआ ड्राइवर? आरोपी हिरासत में,,,

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र स्थित इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के क्षेत्रीय कार्यालय में शनिवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां तैनात एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही सरकारी चालक ने कथित तौर पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली एसपी के माथे के पास से होकर निकल गई, हालांकि इस हमले में वे घायल हुए हैं। घटना के बाद से पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।
आपसी विवाद बना हमले की वजह

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एसपी सीपी नौटियाल और उनके चालक के बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी नाराजगी के चलते चालक ने अपने ही अधिकारी पर फायरिंग कर दी। अचानक गोली चलने से आईबी कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कर्मियों ने घायल एसपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
वीवीआईपी मूवमेंट के बीच घटना से मचा हड़कंप

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब शनिवार को ही हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माताजी सावित्री देवी का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और अन्य राज्यों से तमाम मंत्री, सांसद, विधायक और संत-महात्मा शहर में मौजूद थे। भारी वीवीआईपी मूवमेंट और चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच देश की प्रमुख खुफिया एजेंसी के कार्यालय में हुई इस गोलीबारी ने सुरक्षा महकमे की चिंता बढ़ा दी है।
पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस आरोपी चालक से सख्ती से पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि इस हमले के पीछे कोई व्यक्तिगत रंजिश थी या फिर विभागीय और कार्यालय से जुड़ा कोई विवाद। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गहन जांच के बाद ही गोली चलने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।
