उत्तराखंड रुड़की भगवानपुर में हुई पुलिस मुठभेड़, बदमाश के पैर में लगी गोली, घायल गोतस्कर को रंगेहाथ पुलिस ने किया गिरफ्तार,,,

भगवानपुर (हरिद्वार)। भगवानपुर क्षेत्र में गोकशी की तैयारी कर रहे एक वांछित गोतस्कर की मंगलवार देर रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई।
“आम के बाग में बछड़े को बांधकर कटान की थी तैयारी; पुलिस टीम पर की थी फायरिंग, तमंचा व उपकरण बरामद”
मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।
घेराबंदी देख की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पस्त

एसपी देहात शेखर सुयाल ने बताया कि मंगलवार को तिहाड़ से सढौली जाने वाले मार्ग पर स्थित एक आम के बाग में गोकशी की तैयारी की सूचना मिली थी। इस पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कांबिंग शुरू की। इस दौरान एक व्यक्ति बछड़े को पेड़ से बांधकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने दोबारा गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी बासित चंदू (निवासी हलजोरा, आईटीआई) के पैर में गोली लग गई।
हिस्ट्रीशीटर पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस ने मौके से एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जीवित बछड़ा, लोहे की कुल्हाड़ी, दो छुरी, लकड़ी का गुटका, मांस पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक की पन्नियां और दो प्लास्टिक के कट्टे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। उस पर पहले से ही भगवानपुर कोतवाली में वर्ष 2025 और 2026 में भी मुकदमे दर्ज हैं। घटनास्थल पर फोरेंसिक यूनिट ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। (उधर, कनखल पुलिस ने भी कोर्ट से गैर-हाजिर चल रहे एक वारंटी भीमगंज निवासी कुशाल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है।)
