उत्तराखंड राज्य सरकार ने बैंक हड़ताल से पहले 26 सितंबर तक पेंशनरों को वेतन-पेंशन देने का शासनादेश किया जारी,,,,

देहरादून: प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों के सितंबर माह के वेतन एवं पेंशन का भुगतान निर्धारित समय से पहले करने के निर्देश जारी किए हैं। वित्त विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को सितंबर 2026 का वेतन और पेंशन 26 सितंबर तक जारी करने के निर्देश दिए हैं।
वित्त विभाग के प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांशु की ओर से जारी आदेश के अनुसार, भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग की ओर से 23 सितंबर को जारी पत्र में 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित होने की जानकारी दी गई है। बैंकिंग लेन-देन प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने वेतन एवं पेंशन भुगतान की प्रक्रिया पहले पूरी करने का निर्णय लिया है।

आदेश में सभी संबंधित विभागों को सितंबर 2026 के कर्मचारियों के वेतन और पेंशन का भुगतान 26 सितंबर तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए पूरे माह के वेतन एवं पेंशन का निर्धारण किया जाएगा।
वित्त विभाग के निर्देशों के मुताबिक, यदि वेतन या पेंशन के निर्धारण में बाद में किसी प्रकार के समायोजन की आवश्यकता होती है, तो उसका समायोजन अक्टूबर 2026 के वेतन एवं पेंशन में किया जाएगा। भौगोलिकसंदर्भ
वित्त विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों, कार्यालयाध्यक्षों, कोषाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित बैंकों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचना भेजी गई है।
आदेश की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, सभी अपर मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव, महालेखाकार, विभागाध्यक्षों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।
