उत्तराखंड 26वां स्थापना दिवस, 26 वर्षों में 26 गुना बढ़ी प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय में 18 गुना उछाल- पुष्कर सिंह धामी (मुख्यमंत्री) उत्तराखंड

देहरादून। उत्तराखंड आज अपने गठन का 26वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मना रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समस्त प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं; कहा— आर्थिक विकास दर 7.83% पहुंची, गरीबी दर में आई ऐतिहासिक गिरावट
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 26 वर्षों की विकास यात्रा राज्य के जन-जन के परिश्रम, समर्पण और राज्य सरकार के कुशल वित्तीय व नीतिगत प्रबंधन का जीवंत उदाहरण है।
आर्थिक मोर्चे पर राज्य ने गढ़े नए कीर्तिमान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि कुशल वित्तीय प्रबंधन और जनकल्याणकारी नीतियों के कारण इन 26 वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है और यह 26 गुना तक बढ़ चुकी है। इसके साथ ही प्रदेशवासियों की प्रति व्यक्ति आय में भी 18 गुना तक की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो राज्य में आय के साधनों और जीवन स्तर में आए व्यापक सुधार को दर्शाती है।
7.83 प्रतिशत की विकास दर के साथ अग्रणी राज्यों में शामिल

राज्य के आर्थिक आंकड़ों का ब्योरा प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मौजूदा आर्थिक विकास दर 7.83 प्रतिशत पर बनी हुई है। बुनियादी ढांचे के विकास, उद्योगों के विस्तार, पर्यटन को प्रोत्साहन और सेवा क्षेत्र में आए उछाल के बल पर राज्य निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
गरीबी उन्मूलन में हासिल की बड़ी कामयाबी

सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की उपलब्धियों को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में गरीबी उन्मूलन की दिशा में ऐतिहासिक सफलता मिली है। कभी 32.70 प्रतिशत पर रहने वाली गरीबी दर निरंतर प्रयासों और लक्षित योजनाओं के चलते अब घटकर महज 6.92 प्रतिशत रह गई है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार ‘विकल्प रहित संकल्प’ के ध्येय के साथ प्रदेश के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी भागों तक सर्वांगीण विकास पहुंचाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और उत्तराखंड को देश के श्रेष्ठ राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
