उत्तराखंड मुख्यमंत्री ने आज महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को भावभीनी श्रद्धांजलि देकर उनके विचारों को बताया राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा,,,,

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी को नमन करते हुए कहा कि बापू के सत्य, अहिंसा और मानवता के सिद्धांत सदैव समाज को मार्गदर्शन देते रहेंगे। उनके विचार आज भी विश्व शांति, आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रासंगिक हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी का सादगीपूर्ण जीवन, निष्ठा, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति असीम समर्पण प्रत्येक नागरिक के लिए अनुकरणीय प्रेरणास्रोत है। उनका दिया गया ‘जय जवान, जय किसान’ का ऐतिहासिक उद्घोष देश के अन्नदाताओं और वीर जवानों के सम्मान के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को निरंतर रेखांकित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों महान विभूतियों के उच्च आदर्श और मूल्य हमें राष्ट्र सेवा और जन-कल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।
