उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ा मौका, आयोग इसी माह निकालेगा समूह-ग की 2200 से ज्यादा भर्तियां,,,

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) राज्य के बेरोजगार युवाओं के लिए इसी महीने समूह-ग के 2200 से अधिक पदों पर भर्तियों का विज्ञापन जारी करने जा रहा है। आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने परीक्षा कैलेंडर जारी करते हुए यह जानकारी दी। इसके तहत मंगलवार को ही पुलिस कांस्टेबल, पीएसी, आईआरबी, अग्निशामक और वन आरक्षी समेत वर्दीधारी पदों की करीब 1694 भर्तियों का विज्ञापन जारी कर दिया गया है, जिनकी शारीरिक दक्षता परीक्षा जनवरी के प्रथम सप्ताह में शुरू की जाएगी।

आयोग के सचिव एसएस डुंगरियाल ने बताया कि आगामी 25 नवंबर को पुलिस दरोगा, प्लाटून कमांडर, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी, उप निरीक्षक अभिसूचना, उप आबकारी निरीक्षक और वन दरोगा के करीब 250 पदों का विज्ञापन जारी होगा। इसके अलावा 30 नवंबर को मानचित्रकार व प्रारूपकार के लगभग 200 पदों तथा स्नातक स्तरीय अर्हता वाले अन्य पदों पर भी भर्ती निकाली जाएगी। साथ ही, वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा 23 नवंबर से शुरू होगी।
