उत्तराखंड के पीआरडी जवानों और सफाई कर्मियों को बड़ी राहत, होमगार्ड के समान मानदेय के लिए बनेगी समिति, सफाई कर्मियों का भी बढ़ेगा पारिश्रमिक,,,

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों और सरकारी विभागों में कार्यरत सफाई कर्मियों को बड़ी आर्थिक राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीआरडी जवानों को होमगार्ड के समान मानदेय दिए जाने के मामले पर विचार करने के लिए एक समिति गठित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों में तैनात सफाई कर्मियों का पारिश्रमिक बढ़ाने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन प्रदान किया है।
आठ हजार से अधिक पीआरडी जवानों को मिलेगा लाभ

प्रदेश में पीआरडी जवान लंबे समय से होमगार्ड जवानों की भांति मानदेय दिए जाने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। जवानों की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री धामी ने समिति के गठन को हरी झंडी दी है। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के आठ हजार से अधिक पीआरडी कर्मियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद जगी है।
समिति तय करेगी वृद्धि की दर और समयसीमा

मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद गठित होने वाली यह समिति पीआरडी जवानों के मानदेय से जुड़े सभी पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श करेगी। समिति ही मानदेय में होने वाली वृद्धि की दर और इसे लागू करने की समयसीमा को लेकर सरकार को अपनी अंतिम संस्तुति देगी, जिसके आधार पर आगे की आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
सफाई कर्मियों को भी मिलेगी आर्थिक संजीवनी

इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों में सेवाएं दे रहे सफाई कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दे दी है। शासन के इस फैसले से विभिन्न विभागों में सफाई व्यवस्था की कमान संभाल रहे कार्मिकों का पारिश्रमिक बढ़ने और उन्हें आर्थिक राहत मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
