उत्तराखंड में बढ़ी ठंड, दो दिन में दो डिग्री लुढ़का रात का पारा, पर्वतीय क्षेत्रों में पाले का अलर्ट,,,

देहरादून। उत्तराखंड में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। तापमान में लगातार हो रही गिरावट के कारण सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है। खासकर मैदानी इलाकों में रातें अधिक सर्द हो गई हैं, जबकि दिन के समय आंशिक बादलों और सर्द हवाओं के चलते ठंडक महसूस की जा रही है।
रात के तापमान में गिरावट, पहाड़ों में हल्की राहत मौसम के मिजाज में आए बदलाव का सीधा असर न्यूनतम तापमान पर दिख रहा है। पिछले दो दिनों के भीतर रात के पारे में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य या उससे नीचे बना हुआ है। हालांकि, इसके विपरीत पर्वतीय क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, दिन के अधिकतम तापमान की बात करें तो देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में यह सामान्य या उससे एक डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।
दून में धूप के साथ सर्द हवाओं का असर राजधानी देहरादून और आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह हल्की धुंध छायी रही, जिसके बाद खिली धूप ने लोगों को राहत दी। दिन भर आसमान साफ रहने के बावजूद चल रही सर्द हवाओं ने मौसम में ठंडक बनाए रखी। दोपहर बाद कुछ स्थानों पर आंशिक बादल भी छाए रहे।
आगामी मौसम का पूर्वानुमान मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। गुरुवार को मौसम साफ रहेगा, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने और घाटी वाले इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया गया है।
