उत्तराखंड हरिद्वार पिरान कलियर के रैन बसेरे से छह वर्षीय मासूम को चॉकलेट का झांसा देकर ले गया आरोपी, दुष्कर्म की आशंका पर मुकदमा दर्ज,,,,

हरिद्वार/ पिरान कलियर: पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र स्थित रैन बसेरे में ठहरे एक परिवार की छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। आरोपी बच्ची को चॉकलेट दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। घटना के बाद मंगलवार शाम रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई बच्ची बुधवार सुबह बदहवास अवस्था में परिजनों के पास लौटी।
परिजनों के अनुसार, मूल रूप से बहराइच (उत्तर प्रदेश) निवासी परिवार कलियर स्थित दरगाह में जियारत करने आया हुआ था और क्षेत्र के रैन बसेरे में रुका हुआ था। मंगलवार शाम बच्ची अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
“संदिग्ध परिस्थितियों में लापता बच्ची अगली सुबह बदहवास हालत में लौटी, पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया; आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित”
बुधवार सुबह जब बच्ची लौटी तो उसने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति चॉकलेट देने के बहाने उसे पास के खंडहर में ले गया था।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रुड़की और थानाध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
🟢 एसएसपी का बयान

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
