उत्तराखंड हरिद्वार में सत्यापन न कराने पर पांच मकान मालिकों पर 50 हजार का कोर्ट चालान, 115 लोगों की हुई सघन जांच,,,

हरिद्वार। पुलिस द्वारा अपराधियों और संदिग्धों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रानीपुर कोतवाली पुलिस ने गैस प्लांट और सुमननगर क्षेत्र में वृहद स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया। एसपी सिटी दीपक सिंह के दिशा-निर्देशन तथा एसएचओ मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने गैस प्लांट क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर, रामधाम कॉलोनी और सुमननगर में घर-घर जाकर जांच की।

अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 115 बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, मजदूरों, घरेलू नौकरों, कबाड़ियों और रेहड़ी-पटरी लगाने वालों के मूल पहचान पत्र और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन कर बिना सत्यापन किराएदार व घरेलू नौकर रखने वाले पांच मकान मालिकों के विरुद्ध पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए कुल 50 हजार रुपये के कोर्ट चालान किए। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में बिना सत्यापन के घूम रहे 8 बाहरी व संदिग्ध व्यक्तियों को चिह्नित कर पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत दो हजार रुपये के चालान काटे गए। पुलिस प्रशासन ने सभी मकान मालिकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा के दृष्टिगत वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों, घरेलू नौकरों व श्रमिकों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं, अन्यथा आगे भी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
