उत्तराखंड हरिद्वार अर्धकुंभ की तैयारियों के बीच सामने आई सप्तऋषि क्षेत्र में बदहाल व्यवस्था, सीवर की गंदगी पार कर गंगा स्नान को पहुंच रहे है श्रद्धालु ,,,

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत इन दिनों सप्तऋषि क्षेत्र में सड़कों पर बहती सीवर की गंदगी और असहनीय दुर्गंध से हो रहा है। विडंबना यह है कि श्रद्धालु जिस मार्ग से होकर पुण्य की डुबकी लगाने गंगा घाटों की ओर जाते हैं, स्नान के बाद वापसी में भी उन्हें उसी गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। सप्तऋषि तिराहे से करीब 300 मीटर के दायरे में सीवर की गंदगी मुख्य सड़क पर बह रही है, जबकि सप्तऋषि और भूपतवाला क्षेत्र की अन्य गलियों में भी कमोबेश यही बदहाल स्थिति बनी हुई है।
एक साल से ‘ढाक के तीन पात’, अर्धकुंभ-2027 की योजनाओं पर सवाल

अर्धकुंभ-2027 की तैयारियों के बीच धार्मिक पर्यटन के इस अति महत्वपूर्ण क्षेत्र की चरमराई सीवर व्यवस्था हरिद्वार को सुव्यवस्थित और सुंदर बनाने के दावों की पोल खोल रही है। स्थानीय लोग और व्यापारी पिछले एक वर्ष से इस समस्या से जूझ रहे हैं। इस दौरान जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक के मौके पर कई दौरे हुए, लेकिन नतीजा ‘ढाक के तीन पात’ ही रहा। लोगों का आरोप है कि कोई अधिकारी महज फोटो खिंचवाकर लौट गया तो किसी ने जल्द काम शुरू कराने का कोरा भरोसा दिया। अस्थायी रूप से कभी मशीन से सफाई कराई गई तो कभी गड्ढों में मिट्टी और पत्थर डालकर इतिश्री कर ली गई।
गंदगी से व्यापार चौपट, हादसों का शिकार हो रहे राहगीर

सुबह सात से नौ बजे के बीच सड़क पर सबसे अधिक गंदा पानी बहता है, जो सीधे तौर पर स्नान के समय श्रद्धालुओं की आस्था को आहत कर रहा है। इसके साथ ही सड़क पर बने गड्ढों और फिसलन के कारण बाइक और ई-रिक्शा चालक आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। दुर्गंध के चलते ग्राहकों के न आने से स्थानीय दुकानदारों का कारोबार भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
