उत्तराखंड आस्था का महापर्व छठ पूजा, दिवाली के बाद देश एवं प्रदेश में अब छठ की तैयारी, बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़,,,,

हरिद्वार। दिवाली के उल्लास के बाद अब धर्मनगरी के बाजार लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों से गुलजार होने लगे हैं।
”13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा चार दिवसीय अनुष्ठान, सूप, दउरा व पूजन सामग्री की मांग बढ़ी”
13 नवंबर से शुरू हो रहे चार दिवसीय महापर्व को लेकर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने पूजन सामग्री, नए वस्त्र और फल-फूल की खरीदारी तेज कर दी है।
🏵️ पारंपरिक वस्तुओं और प्रसाद सामग्री की बढ़ी मांग
बाजारों में बांस के सूप, दउरा, टोकरी, पीतल और तांबे के बर्तन, दीपक, कलश, धूप, अगरबत्ती, रोली, चंदन और पूजा के कपड़ों की दुकानों पर खासी रौनक दिखाई दे रही है। इसके अलावा अर्घ्य के लिए नारियल, गन्ना और व्रत के विशेष प्रसाद ‘ठेकुआ’ के लिए गेहूं का आटा, गुड़ और शुद्ध घी की भी जमकर खरीदारी हो रही है। व्यापारी रवि धींगड़ा, प्रवीन कुमार, आलोक चौहान, संदीप और शिवांग मलिक ने बताया कि पर्व नजदीक आने के साथ ही ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है और दिवाली के बाद अब छठ पूजा से बाजार में अच्छा कारोबार हो रहा है।
🏵️ छठ महापर्व की प्रमुख तिथियां:
- 13 नवंबर (शुक्रवार): नहाय-खाय
- 14 नवंबर (शनिवार): खरना
- 15 नवंबर (रविवार): संध्या अर्घ्य (डूबते सूर्य को अर्घ्य)
- 16 नवंबर (सोमवार): प्रातः कालीन ऊषा अर्घ्य एवं पारण
