उत्तराखंड भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी शंखनाद, 10 से 30 नवंबर तक चलेगा हस्ताक्षर अभियान, 23 को होगा लोकभवन मार्च,,,,

देहरादून। उत्तराखंड में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोलने का फैसला किया है। पार्टी इस मुद्दे को जन अभियान का रूप देकर पूरे प्रदेश में व्यापक समर्थन जुटाएगी। इसके तहत 10 से 30 नवंबर तक चरणबद्ध हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिसके बाद एकत्रित हस्ताक्षरों के साथ राज्यपाल से मिलकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की जाएगी।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने मंगलवार को पार्टी की कार्ययोजना साझा करते हुए बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देशानुसार यह राज्यव्यापी आंदोलन तैयार किया गया है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला, ब्लॉक और नगर स्तर तक विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनकी जिम्मेदारी जिला और विधानसभा प्रभारियों को बतौर संयोजक सौंपी गई है।
23 नवंबर को लोकभवन पदयात्रा, राज्यपाल को सौंपेंगे ज्ञापन

अभियान के मुख्य चरण के तहत 23 नवंबर को कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के नेतृत्व में एक विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। यह पदयात्रा कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होकर लोकभवन तक पहुंचेगी। इस दौरान प्रदेशभर से जुटाए गए जन-हस्ताक्षर राज्यपाल को सौंपकर सरकार के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी जाएगी।
दो चरणों में चलेगा आंदोलन, सांकेतिक अदालतों से घेरेंगे सरकार
पार्टी प्रवक्ता के अनुसार, अभियान की रूपरेखा दो चरणों में तय की गई है:
- पहला चरण (10 से 15 नवंबर): प्रदेशभर में ब्लॉक और जिला स्तर पर व्यापक जनसंपर्क और हस्ताक्षर संग्रह अभियान।
- अंतिम चरण (25 से 30 नवंबर): जिला और महानगर मुख्यालयों में नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा। इन नाटकों के जरिए सांकेतिक ‘जन अदालतें’ लगाकर भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और जनहित की अनदेखी जैसे मुद्दों पर प्रहार किया जाएगा।
कांग्रेस नेतृत्व का दावा है कि इस अभियान के जरिए जनता की आवाज को मंच मिलेगा और सरकार की कथित अनियमितताओं को सीधे जन-कचहरी में उजागर किया जाएगा।
