उत्तराखंड भराड़ीसैंण में आज से अंतिम विधानसभा सत्र, सदन में 7 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट, बाहर विपक्ष व यूकेडी का संग्राम: गैरसैंण सत्र के पहले दिन चढ़ा सियासी पारा,,,

भराड़ीसैंण: उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित विधानसभा भवन भराड़ीसैंण में मौजूदा सरकार का अंतिम विधानसभा सत्र शुरू हो गया है। दो दिवसीय इस सत्र के पहले दिन सदन में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी व पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट समेत अन्य दिवंगत सदस्यों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी जाएगी। भोजनावकाश के बाद वित्त विभाग की ओर से करीब सात हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट सदन पटल पर रखा जाएगा। इसके अतिरिक्त सरकार समान नागरिक संहिता (यूसीसी), जनविश्वास अधिनियम संशोधन और माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संशोधन सहित आठ महत्वपूर्ण विधेयक सदन में पारित कराने के लिए पेश करेगी। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने स्पष्ट किया कि सभी सदस्यों को जनहित के मुद्दे उठाने का पूरा अवसर दिया जाएगा।
🔴 विधानसभा सत्र पर सियासत गर्म- विपक्ष ने घेराव की बनाई रणनीति, सरकार बड़ी घोषणाओं से साधेगी संतुलन
भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र के शुरू होते ही गैरसैंण की सर्द वादियों में सियासी पारा चढ़ गया है। विपक्ष ने बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, महंगाई और अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर सरकार को सदन से सड़क तक घेरने की रणनीति तैयार की है। सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल न होने से सदन के भीतर सीधे टकराव के आसार कम हैं, लेकिन विपक्ष के तीखे तेवरों को देखते हुए माहौल गरमाने की पूरी संभावना है। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विपक्ष के हर वार का जवाब देने के लिए युवाओं, महिलाओं और राज्य आंदोलनकारियों के हित में मास्टर स्ट्रोक वाली घोषणाएं करने की तैयारी में हैं। सरकार जहां अपनी उपलब्धियों के दम पर विपक्ष को बैकफुट पर धकेलना चाहती है, वहीं विपक्ष सरकार की घेराबंदी में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है।
🔴 गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने के लिए रुद्रप्रयाग में गरजे यूकेडी कार्यकर्ता

उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने गैरसैंण को राज्य की पूर्णकालिक स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर एक विशाल ‘गर्जना रैली’ निकाली। दल के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रुद्रा बैंड से लेकर मुख्य हनुमान चौक तक जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। आयोजित जनसभा में यूकेडी अध्यक्ष ने दोटूक शब्दों में कहा कि गैरसैंण के मुद्दे पर दल किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार पर भू-माफियाओं, खनन माफियाओं और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की मूलभूत समस्याओं और आमजन के अधिकारों की लड़ाई को जन आंदोलन बनाकर लड़ा जाएगा।
🔴 गैरसैंण में कांग्रेस का महाघेराव- विभिन्न मुद्दों को लेकर भराड़ीसैंण कूच की तैयारी

गैरसैंण प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेशभर से भारी तादाद में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भराड़ीसैंण पहुंच चुके हैं। कांग्रेस ने बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, स्थायी राजधानी के प्रश्न, प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामले और बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर विधानसभा के घेराव का ऐलान किया है। कार्यकर्ताओं के भारी जमावड़े को देखते हुए पुलिस व स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। दिवालीखाल से लेकर विधानसभा गेट तक बहुस्तरीय बैरिकेडिंग लगाई गई है ताकि प्रदर्शनकारियों को विधानसभा परिसर से दूर ही रोका जा सके।
