उत्तराखंड अर्धकुंभ 2027, समयसीमा और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं, मंडलायुक्त ने दिए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश,,,,

हरिद्वार। आगामी अर्धकुंभ मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शुक्रवार को सीसीआर सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट लहजे में निर्देश दिए कि मेले से जुड़े सभी अवस्थापना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में हर हाल में पूरे किए जाएं।
🟢 गंग नहर क्लोजर का उठाएं पूरा लाभ

बैठक के दौरान घाटों, सड़कों और पुलों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने आगामी गंग नहर क्लोजर अवधि का प्रभावी उपयोग करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नहर बंदी के दौरान किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना पहले से तैयार रखी जाए। निर्माण सामग्री, मशीनरी और श्रमिकों की व्यवस्था पूर्व में ही सुनिश्चित कर ली जाए, ताकि काम शुरू होने के बाद संसाधनों की कमी के चलते एक भी दिन व्यर्थ न हो।
🟢 त्योहारों में न थमे रफ्तार, श्रमिकों की करें अग्रिम व्यवस्था
मंडलायुक्त ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर कार्यदायी संस्थाओं को सतर्क करते हुए कहा कि पर्वों के दौरान श्रमिकों की संभावित कमी को देखते हुए अभी से पुख्ता प्रबंध किए जाएं, ताकि निर्माण कार्यों की रफ्तार धीमी न पड़े। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और निर्माण की राह में आने वाली किसी भी अड़चन का समय रहते निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही फील्ड में नियमित मॉनिटरिंग के भी आदेश दिए।
🟢 काउंटडाउन मोड में चल रहीं तैयारियां: मेलाधिकारी
मेलाधिकारी सोनिका ने बैठक में प्रगति रिपोर्ट रखते हुए बताया कि अर्धकुंभ की सभी तैयारियां ‘काउंटडाउन मोड’ में संचालित की जा रही हैं। कार्यों को गति देने के लिए निर्माण स्थलों पर दिन-रात काम कराया जा रहा है और दैनिक आधार पर प्रगति की समीक्षा की जा रही है। सभी कार्यदायी संस्थाओं को साइट्स पर मैनपावर और आधुनिक मशीनरी बढ़ाने के स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं।
बैठक में आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी दीपक सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट व डीपी सिंह, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी और मनजीत सिंह सहित संबंधित विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।

