उत्तराखंड दिल्ली से ऋषिकेश का सफर अब मात्र ढाई घंटे में, नमो भारत ट्रेन के विस्तार को मिली हरी झंडी, उत्तराखंड सरकार ने जारी किया बजट,,,

देहरादून। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से अब देश की राजधानी दिल्ली से तीर्थनगरी ऋषिकेश का सफर बेहद सुगम और तेज होने जा रहा है। दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) यानी ‘नमो भारत’ ट्रेन को अब हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तारित करने का रास्ता साफ हो गया है। इस हाई-स्पीड ट्रेन के शुरू होने से जो सफर अभी सड़क मार्ग द्वारा 5 से 6 घंटे में तय होता है, वह महज ढाई घंटे में पूरा हो सकेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर इस कॉरिडोर के विस्तार का आग्रह किया था। इसके बाद उत्तराखंड सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के बीच करीब 150 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित कॉरिडोर को लेकर सैद्धांतिक सहमति बन गई है।
🟢 डीपीआर के लिए 7.02 करोड़ रुपये मंजूर
परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए उत्तराखंड सरकार ने अपनी रफ्तार बढ़ा दी है। राज्य सरकार ने उत्तराखंड की सीमा में आने वाले लगभग 78 किलोमीटर लंबे हरिद्वार-ऋषिकेश खंड की विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार कराने के लिए 7.02 करोड़ रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) का परामर्श शुल्क आकस्मिकता निधि से जारी करने का निर्णय लिया है।
🟢 मोदीपुरम से लक्ष्मणझूला तक बनेगा नया ट्रैक
यह नया कॉरिडोर उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होगा। यहाँ से मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार होते हुए यह ट्रेन ऋषिकेश के अंतिम छोर लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगी। इस पूरे 150 किलोमीटर लंबे ट्रैक में से लगभग 72 किलोमीटर का हिस्सा उत्तर प्रदेश में और 78 किलोमीटर का हिस्सा उत्तराखंड में पड़ेगा।
🟢 रीना जोशी बनीं नोडल अधिकारी, अब होगा फिजिबिलिटी सर्वे
परियोजना को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं, एनसीआरटीसी और उत्तर प्रदेश सरकार ने भी अपने-अपने नोडल अधिकारी तैनात कर दिए हैं।
परियोजना का अगला महत्वपूर्ण चरण फिजिबिलिटी सर्वे (व्यवहार्यता अध्ययन) होगा। इसके तहत:
-
- रूट की तकनीकी व्यवहार्यता और संभावित स्टेशनों का चयन किया जाएगा।
- यात्रियों की संख्या, भूमि अधिग्रहण और निर्माण लागत का आकलन होगा।
- गंगा तटीय क्षेत्रों में निर्माण की चुनौतियों तथा कुंभ व पर्यटन सीजन में यात्रियों के भारी दबाव का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा।
🟢 पर्यटन और रोजगार को लगेंगे पंख
नमो भारत ट्रेन के इस विस्तार से दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले उत्तराखंड के प्रवासियों सहित देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को एक आधुनिक, सुरक्षित और बेहद तेज परिवहन का विकल्प मिलेगा। इस कनेक्टिविटी से राज्य में पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसरों के द्वार खुलेंगे और उत्तराखंड का यह क्षेत्र देश के सबसे आधुनिक क्षेत्रीय रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा।
