उत्तराखंड “JEE Advanced 2026” 12वीं में 75% से कम अंक वालों को भी JoSAA काउंसलिंग में मौका, IIT रुड़की ने दी बड़ी राहत,,,,

देहरादून। आईआईटी रुड़की (IIT Roorkee) ने जेईई एडवांस्ड 2026 पास करने वाले उन हजारों उम्मीदवारों को एक बड़ी राहत दी है, जो 12वीं कक्षा में कम अंक आने या पुनर्मूल्यांकन (Revaluation) के नतीजों में देरी के कारण असमंजस में थे। संस्थान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर आधिकारिक घोषणा करते हुए साफ किया है कि 12वीं में 75 प्रतिशत से कम अंक होने पर भी छात्र जोसा (JoSAA) काउंसलिंग प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे और अपनी पसंद के कॉलेज व ब्रांच चुन सकेंगे।
हालांकि, आईआईटी रुड़की ने स्पष्ट किया है कि यह छूट केवल एक अस्थायी व्यवस्था है और सीट पक्की करने के लिए उम्मीदवारों को 15 जुलाई 2026 तक अपनी संशोधित मार्कशीट जमा करनी होगी।
🟢 सीबीएसई रिजल्ट विवाद के बीच छात्रों को मिला ‘सुरक्षा कवच’
दरअसल, सीबीएसई (CBSE) 12वीं बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन को लेकर उपजे विवाद के कारण कई मेधावी छात्रों के अंक कम रह गए थे। छात्र पुनर्मूल्यांकन के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन दूसरी तरफ जोसा काउंसलिंग शुरू होने वाली थी। आईआईटी में दाखिले के कड़े नियमों के तहत सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 12वीं में न्यूनतम 75% और एससी, एसटी व पीडब्ल्यूडी वर्ग के लिए 65% अंक होना अनिवार्य है।
इस गतिरोध को दूर करते हुए आईआईटी रुड़की ने छात्रों के भविष्य को प्राथमिकता दी है। आईआईटी ने भरोसा दिलाया है कि जब तक छात्रों का संशोधित रिजल्ट नहीं आ जाता, तब तक उनकी जेईई एडवांस्ड की रैंक पूरी तरह सुरक्षित रहेगी।
🟢 कैसे और कौन ले सकेगा काउंसलिंग में भाग?
आईआईटी रुड़की द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार काउंसलिंग की प्रक्रिया इस प्रकार रहेगी:
- सामान्य चॉइस फिलिंग: सामान्य, ओबीसी-एनसीएल और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के जिन छात्रों के 75% से कम अंक हैं, तथा एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी वर्ग के जिन छात्रों के 65% से कम अंक हैं, वे अपनी रैंक के आधार पर सामान्य रूप से चॉइस फिलिंग कर सकेंगे।
- अस्थायी सीट आवंटन: काउंसलिंग के दौरान नियमों के तहत छात्रों को अस्थायी (Provisional) रूप से सीटें आवंटित भी कर दी जाएंगी।
🟢 15 जुलाई तक का समय, इस ईमेल पर भेजनी होगी संशोधित मार्कशीट
आईआईटी रुड़की ने सख्त लहजे में यह भी स्पष्ट किया है कि यह पूरी राहत केवल 15 जुलाई तक के लिए वैध है।
नियम और प्रक्रिया: छात्रों को अपने पुनर्मूल्यांकन के बाद जारी होने वाली संशोधित मार्कशीट को हर हाल में 15 जुलाई 2026 तक आईआईटी रुड़की की ऑफिशियल ईमेल आईडी orgjee@iitr.ac.in पर भेजना होगा।
यदि संशोधित मार्कशीट में छात्र तय क्राइटेरिया (75% या 65%) को पूरा कर लेते हैं, तो उनकी आवंटित सीट को पक्का (Confirm) कर दिया जाएगा। तय समय सीमा के भीतर पात्रता साबित न करने पर सीट स्वतः ही निरस्त मानी जाएगी। आईआईटी रुड़की के इस संवेदनशील फैसले से उन छात्रों ने बड़ी राहत की सांस ली है जो सीबीएसई के मूल्यांकन पर आपत्ति दर्ज करा चुके हैं।
