उत्तराखंड केदारनाथ धाम हेली सेवा में बुकिंग के पहले दिन ही बिके 55 प्रतिशत टिकट, यूकाडा ने शुरू किया दूसरा चरण,,,

देहरादून: केदारनाथ धाम यात्रा के लिए हेली टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) द्वारा हेली सेवाओं के दूसरे चरण के तहत आगामी 15 दिनों यानी 30 सितंबर तक के लिए ऑनलाइन बुकिंग खोली गई है, जिसमें कुल 9,000 टिकट उपलब्ध कराए गए हैं।

बुकिंग के पहले दिन यात्रियों में पूर्व वर्षों की तुलना में कुछ कम उत्साह देखने को मिला। पहले जहां टिकट चंद घंटों में ही बिक जाते थे, वहीं इस बार बुकिंग के पहले दिन देर शाम तक 55 प्रतिशत यानी करीब 5,000 टिकट ही बुक हो पाए। हालांकि, यूकाडा को उम्मीद है कि बचे हुए टिकट भी जल्द ही बुक हो जाएंगे।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यूकाडा ने इस बार हेलीपैड पर भी काउंटर लगाकर टिकटों की उपलब्धता सुनिश्चित की है। यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) प्रतीक जैन ने जानकारी दी है कि किसी भी अपरिहार्य स्थिति या आवश्यकता को देखते हुए कुल टिकटों का 10 प्रतिशत हिस्सा ‘ओवर द काउंटर’ बुकिंग के लिए भी सुरक्षित रखा गया है, जिससे तीर्थयात्रियों को ऑफलाइन माध्यम से भी टिकट प्राप्त करने में मदद मिल सके।
