उत्तराखंड उच्च शिक्षा विभाग ने की अनूठी पहल, प्रदेश के 114 राजकीय महाविद्यालयों में बनेंगे आधुनिक जिम, सेहत के साथ खेलों को मिलेगा बढ़ावा,,,

हल्द्वानी। बढ़ती नशे की प्रवृत्ति युवाओं को बर्बादी की ओर धकेल रही है, जो कि समाज और राष्ट्र दोनों के लिए एक गंभीर खतरा बन चुकी है। युवाओं को नशे की इस दलदल से दूर रखने और उन्हें सेहतमंद जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के 114 राजकीय महाविद्यालयों में आधुनिक जिम और अंतरराष्ट्रीय मानकों के खेल उपकरण उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
🟢 दिल्ली की संस्था के सहयोग से पूरा होगा प्रोजेक्ट
इस महत्वाकांक्षी योजना को मूर्त रूप देने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने ‘संजीवनी विकास जनकल्याण समिति, दिल्ली’ के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह संस्था अपनी सामाजिक सहयोग निधि (CSR Fund) के माध्यम से लगभग 28.82 करोड़ रुपये की भारी-भरकम धनराशि खर्च करेगी।
विभाग द्वारा सभी शासकीय महाविद्यालयों से इस संबंध में प्रस्ताव पहले ही मांगे जा चुके हैं, और कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही कॉलेजों में इन सुविधाओं को स्थापित कर दिया जाएगा।
🟢 विद्यार्थियों को मिलेंगी ये आधुनिक खेल व जिम सामग्रियां
इस योजना के तहत महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं के शारीरिक विकास के लिए उच्च कोटि के उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
- वेटलिफ्टिंग मेन्स एवं विमेंस ओलिंपिक सेट
- प्रोफेशनल हाफ केज-प्रो विथ बेंच
- ओलिंपिक वेटलिफ्टिंग प्लेटफॉर्म
- ओलिंपिक एवं प्रोफेशनल डंबल सेट
- इंटरनेशनल मानक वाले वॉलीबॉल पोल, नेट और वॉलीबॉल
🟢 अकादमिक के साथ शारीरिक विकास पर जोर
विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल से छात्र-छात्राएं अपनी पढ़ाई के साथ-साथ अपनी सेहत का भी विशेष ध्यान रख सकेंगे। अकादमिक शिक्षा के साथ खेलकूद और फिटनेस से जुड़ने पर युवाओं का सर्वांगीण विकास संभव हो सकेगा।
”कॉलेजों को जिम और खेलों की सामग्री प्रदान करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। दिल्ली की संस्था के सहयोग से यह सामान उपलब्ध कराया जाएगा। इसे लेकर सभी कॉलेजों से प्रस्ताव मंगवा लिए गए हैं और जल्द ही पूरी प्रक्रिया को अमलीजामा पहनाया जाएगा।”- प्रो. ए.एस. उनियाल, संयुक्त निदेशक, उच्च शिक्षा विभाग
