उत्तराखंड खराब मौसम के कारण वीआईपी हेलीकॉप्टर की चिन्यालीसौड़ में इमरजेंसी लैंडिंग, एडीजी अमित सिन्हा सहित सभी यात्री सुरक्षित,,,,

उत्तरकाशी। देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड से उत्तरकाशी के जोशियाड़ा जा रहे एक हेलीकॉप्टर को चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में अचानक मौसम बिगड़ने के कारण आपातकालीन स्थिति में उतरना पड़ा। तेज हवाओं और अंधड़ के चलते सुरक्षा की दृष्टि से पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई। राहत की बात यह रही कि समय रहते की गई इस लैंडिंग से एक बड़ा हादसा टल गया और हेलीकॉप्टर में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
🔴 दोपहर 2:10 बजे कराई गई सुरक्षित लैंडिंग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 2 बजकर 10 मिनट पर चिन्यालीसौड़ के पास सुरक्षित लैंडिंग की। उस वक्त क्षेत्र में अचानक मौसम खराब हो गया था और तेज आंधी चल रही थी। विपरीत परिस्थितियों के बीच पायलट ने बिना कोई जोखिम उठाए हेलीकॉप्टर को जमीन पर उतारने का फैसला किया।
🔴 हेलीकॉप्टर में सवार थे कई उच्चाधिकारी
इस हेलीकॉप्टर में उत्तराखंड के कई वरिष्ठ अधिकारी सवार थे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यात्रियों में शामिल थे:
-
- अमित सिन्हा (अपर महानिदेशक – ADG)
- सीईओ, उत्तराखण्ड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA)
- डॉ. आशीष चौहान (निदेशक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग)
बड़ा हादसा टला: खराब मौसम के बीच समय रहते हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग करा दी गई, जिससे विमान में सवार सभी अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
🔴 सड़क मार्ग से आगे बढ़े एडीजी, निदेशक लौटे देहरादून
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद जब मौसम सामान्य हुआ, तो यात्रा के रूट में बदलाव किया गया। एडीजी अमित सिन्हा सहित अन्य वीआईपी यात्री सड़क मार्ग से अपने गंतव्य उत्तरकाशी के लिए रवाना हुए। वहीं दूसरी ओर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निदेशक डॉ. आशीष चौहान उसी हेलीकॉप्टर से वापस सहस्त्रधारा (देहरादून) लौट गए।
प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि सभी अधिकारी सुरक्षित हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
