उत्तराखंड भारी बारिश और भूस्खलन के बीच जारी है चारधाम यात्रा, कम भीड़ के चलते श्रद्धालुओं को आसानी से हो रहे दर्शन,,,

ऋषिकेश: उत्तराखंड में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन, मलबे और सड़कों के खराब होने से चारधाम यात्रा की रफ्तार जरूर धीमी हुई है, लेकिन यात्रा पूरी तरह सुचारू है। यात्रियों की संख्या पहले की तुलना में कम होने से धामों में फिलहाल शांत माहौल है और श्रद्धालुओं को बिना ज्यादा इंतज़ार के आसानी से दर्शन का अवसर मिल रहा है।
चारधाम विशेष अधिकारी डॉ. प्रजापति नौटियाल के अनुसार, बरसात के मौसम में श्रद्धालु आमतौर पर सोच-समझकर ही यात्रा का प्लान बनाते हैं। इसके बावजूद जो यात्री आ रहे हैं, वे व्यवस्थित तरीके से धामों की ओर बढ़ रहे हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग सड़क पर मलबा आने की स्थिति में तुरंत रास्ता साफ कर आवाजाही बहाल कर रहे हैं।
प्रमुख दिशा-निर्देश एवं यात्रा से जुड़ी अहम जानकारी:
- पैदल मार्गों पर विशेष सतर्कता: यमुनोत्री और केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पैदल रास्तों पर फिसलन, कीचड़, जलभराव और अचानक पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है।
- ट्रांजिट कैंप में लाइव अपडेट: ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से यात्रियों को मौसम और मार्ग की पल-पल की स्थिति से अपडेट रखा जा रहा है।
- प्रशासनिक सलाह: श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों को ध्यान में रखते हुए ही अपनी आगे की यात्रा तय करें और किसी भी प्रकार की जल्दबाज़ी से बचें।
